रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने रविवार (23 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स को सात रन से हराकर आईपीएल शानदार जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के क्रमशः 62 और 77 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 189 रन बनाए। जवाब में देवदत्त पडिक्कल की 52 रन की शानदार पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की टीम छह ओवर में 182 रन ही बना सकी।
मैच के दौरान मोहम्मद सिराज ने अपना आपा खो दिया। उन्हें अपने टीम के साथी महिपाल लोमरोर पर गुस्सा आया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह भी लिखा गया कि सिराज ने लोमरोर को गाली दी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने मैच के बाद अपनी खेल भावना दिखाई और प्रशंसकों को संदेश दिया कि उनके बीच सब ठीक है।
सिराज को क्यों आया था गुस्सा?
दरअसल, राजस्थान को आखिरी दो ओवर में 30 रन बनाने थे। सिराज ने 19वें ओवर में 13 रन दे दिए। इसी ओवर में उनकी पांचवीं गेंद पर ध्रुव जुरेल ने छक्का लगाया था। छठी गेंद पर जुरेल ने लॉन्ग ऑन की ओर गेंद को मारा। बाउंड्री पर खड़े लोमरोर को गेंद फेंकने में थोड़ी देरी हो गई। इस पर सिराज रन आउट करने से चूक गए। फिर उन्हें बहुत तेज गुस्सा आया और उन्होंने कथित रूप से लोमरोर को गाली दे दी।
सिराज ने माफी मांगी
मैच के बाद आरसीबी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें सिराज को लोमरोर से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। सिराज ने कहा, ''आई एम सॉरी महिपाल। मैं पहले भी दो बार माफी मांग चुका हूं। मैं मैदान के बाहर आक्रामकता को साथ लेकर नहीं चलता। मैच के बाद सब कुछ शांत हो गया है।'' इसके जवाब में महिपाल लोमरोर ने कहा, ''ठीक है सिराज भाई। बड़े-बड़े मैचों में छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं।''