गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल को लेकर एक ट्वीट किया है। इसका जवाब गिल ने भी दिया है। फैंस दोनों के बीच इस बातचीत से हैरान हैं। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि गिल इस टीम को छोड़कर दूसरी टीम में जाने वाले हैं।
गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के पिछले सीजन में खिताब जीतकर सबको चौंका दिया था। टीम पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग में लीग खेल रही थी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में कमजोर मानी जाने वाली यह टीम बड़ी-बड़ी टीमों को हराकर चैंपियन बनी थी। उसकी जीत में ओपनर शुभमन गिल ने अहम योगदान दिया था। अब यह खबर आ रही है कि गिल फ्रेंचाइजी से अलग हो सकते हैं।
विज्ञापन
दरअसल, शनिवार (17 सितंबर) को गुजरात टाइटंस ने एक ट्वीट किया, जिसके बाद यह चर्चा होने लगी कि गिल टीम से अलग होने वाले हैं। गुजरात टाइटंस ने लिखा, ''यह एक यादगार यात्रा रही है। शुभमन गिल, हम आपको आपके अगले प्रयास के लिए शुभकामनाएं देते हैं!'' गिल ने इस ट्वीट का जवाब भी दिया। उन्होंने दिल और गले लगाने की इमोजी शेयर की।
विज्ञापन
शुभमन गिल
- फोटो : IPL/BCCI
क्या चेन्नई सुपरकिंग्स में जाएंगे गिल?
ट्विटर पर फ्रेंचाइजी और गिल के बीच इस बातचीत से फैंस हैरान हैं। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि गिल इस टीम को छोड़कर दूसरी टीम में जाने वाले हैं। फैंस सबसे ज्यादा चेन्नई सुपरकिंग्स का नाम ले रहे हैं। दरअसल, चेन्नई और दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के बीच पिछले कुछ दिनों से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पिछले सीजन के बीच में कप्तानी से हटाए जाने के बाद से जडेजा नाखुश हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया और चेन्नई से जुड़े अपने कई पोस्ट भी डिलीट कर दिए।
रवींद्र जडेजा
- फोटो : IPL/BCCI
जडेजा गुजरात टाइटंस में होंगे शामिल?
कहा जा रहा है कि गुजरात और चेन्नई के बीच बात चल रही है। इसके तहत जडेजा अपनी घरेलू टीम गुजरात टाइटंस से जुड़ेंगे और गिल उनकी जगह चेन्नई सुपरकिंग्स में जाएंगे। आईपीएल के अगले सीजन से पहले इस साल नवंबर या दिसंबर में खुलने वाली ट्रेड विंडो के खत्म होने से पहले दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच करार हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। रॉबिन उथप्पा के संन्यास लेने के बाद चेन्नई को एक शीर्ष क्रम का बल्लेबाज चाहिए। ऐसे में फैंस का मानना है कि चेन्नई की टीम गिल को अपने साथ जोड़ सकती है।
गिल ने पिछले सीजन में किया था शानदार प्रदर्शन
गिल ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत कोलकातना नाइटराइडर्स के साथ की थी। केकेआर ने उन्हें पिछले आईपीएल के लिए रिटेन नहीं किया था। गुजरात ने नीलामी से पहले प्लेयर-ड्राफ्ट के जरिए गिल को अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने पिछले सीजन के 16 मैच में 483 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.33 का था। उन्होंने चार अर्धशतक लगाए थे।