इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च को होना है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 28 मई को होगा। टूर्नामेंट से पहले फैंस को एक बड़ी खुशखबरी मिली है। वह फ्री में मैचों को देख सकते हैं। स्टार इंडिया के पास टीवी और वायाकॉम 18 के पास डिजिटल राइट्स हैं। वायाकॉम 18 मैचों का ऑनलाइन प्रसारण जियो सिनेमा (Jio Cinema) एप पर करेगा।
रिलायंस जियो ने बताया कि यूजर्स 4K रेजॉल्यूशन में मैच को देख सकते हैं। इससे पहले आईपीएल के ऑनलाइन प्रसारण के राइट्स डिज्नी+हॉटस्टार के पास थे। उस प्लेटफॉर्म पर मैच देखने के लिए यूजर्स को भुगतान करना पड़ता था। जियो सिनेमा ने पिछले साल के अंत में दुनिया के सबसे बड़े खेल टूर्नामेंट कहे जाने वाले फुटबॉल विश्व कप का प्रसारण किया था।
कंपनी ने बताया है कि जियो सिनेमा यूजर्स 12 भाषाओं में स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं। इसमें अंग्रेजी और हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, बंगाली और भोजपुरी शामिल है। यूजर्स अपनी पसंद की भाषा को चुन सकते हैं। इसके अलावा स्क्रीन पर दिखने वाले आंकड़ों को भी अपनी भाषा में देख सकते हैं। जियो सिनेमा एप को यूजर्स मोबाइल के अलावा कंप्यूटर और स्मार्ट टीवी पर भी देख सकते हैं।
चार पैकेज में बिके थे मीडिया राइट्स
बीसीसीआई ने मीडिया राइट्स चार पैकेज में बेचे थे। बोर्ड को मीडिया राइट्स से कुल 48,390 करोड़ रुपये मिले थे। स्टार इंडिया ने 23,575 करोड़ रुपये में टीवी राइट्स को अपने नाम किया था। वहीं, वायाकॉम 18 ने 23, 758 करोड़ रुपये में डिजिटल राइट्स पर कब्जा किया था। वायाकॉम ने ही पैकेज-सी को भी अपने नाम किया। उसने इसके लिए 2991 करोड़ रुपये की बोली लगाई। वहीं, पैकेज-डी को वायाकॉम ने टाइम्स इंटरनेट के साथ मिलकर 1324 करोड़ में खरीदा।
पैकेज-ए में भारत के लिए टीवी राइट्स और पैकेज-बी में भारत के लिए डिजिटल राइट्स हैं। पैकेज-सी में चुनिंदा 18 मैच (नॉन-एक्सक्लूसिव) और पैकेज-डी में विदेशों में टीवी और डिजिटल राइट्स शामिल हैं। पैकेज-डी का अधिकार पाने वाली रिलायंस की स्वामित्व वाली वायकॉम 18 ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन में मैचों का प्रसारण करेगी। वहीं, टाइम्स इंटरनेट मिडिल ईस्ट, नॉर्थ अफ्रीका के साथ अमेरिका और दुनिया के बाकी देशों में मैचों के प्रसारण करेगी।