ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल रहे खिलाड़ियों को कुछ दिन का आराम मिलेगा। ये खिलाड़ी 31 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के आगामी सत्र में अपनी टीमों के शिविरों से जुड़ने से पहले तीन से चार दिन तक आराम करेंगे।
विश्व कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के कार्यभार प्रबंधन पर कड़ी नजर रखी जा रही है जिससे उन्हें आराम देना अहम है। बीसीसीआई के एक सूत्र कहा- श्रेयस अय्यर पीठ की सर्जरी कराएंगे और आईपीएल का हिस्सा नहीं होंगे।
बीसीसीआई के सूत्र ने कहा- यह फैसला खिलाड़ी के सर्वश्रेष्ठ हित को ध्यान में रखते हुए किया गया है क्योंकि अभी सर्जरी से उन्हें अक्तूबर में होने वाले विश्वकप से पहले वापसी का मौका मिल सकता है।' गत विजेता गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपरकिंग्स सत्र के पहले मैच में भिड़ेंगे।
फ्रेंचाइजी को वर्कलोड मैनेजमेंट के दिए संकेत
तीसरे वनडे में हार के बाद रोहित ने कहा था कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने 50 ओवर के टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट के बारे में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों को 'संकेत' दिए हैं। रोहित ने कहा- यह सब अब फ्रेंचाइजी पर निर्भर है। फ्रेंचाइजी अब उन्हें (खिलाड़ियों को) अपनाती हैं, इसलिए हमने टीमों को कुछ संकेत दिए हैं। हालांकि, अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी पर निर्भर है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि खिलाड़ियों को अपने शरीर का ख्याल रखना होगा।