एक इंटरव्यू के दौरान जब कार्तिक से आईपीएल के अगले बड़े स्टार के बारे में पूछा गया तो कार्तिक ने राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज यशस्वी को चुना। इससे पहले पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी गुरुवार रात यशस्वी के चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 43 गेंदों पर 77 रन की पारी के दौरान उनकी तारीफ की थी। राजस्थान ने इस सीजन की सबसे शानदार शुरुआत की थी और यशस्वी ने 43 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 77 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत राजस्थान ने पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए थे। इस मैच में राजस्थान ने चेन्नई को हराया था।
यशस्वी ने बल्लेबाजी के दौरान जो जज्बा दिखाया था उससे रैना बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा- उनका हेड पोजिशन बेहद शानदार है। जब उन्होंने रिवर्स स्वीप मारा, तो वह शॉट खेलते वक्त स्थिर रहे। वह शरीर के करीब गेंद खेलते हैं और जो मुझे सबसे ज्यादा पसंद है वह है उनका हेड पोजिशन जब भी वह गेंद को ड्राइव करते हैं। अगर सिर स्थिर रहता है तो आप अपने शॉट में बहुत अधिक शक्ति प्राप्त कर सकते हैं, आपकी बैट स्विंग अच्छी हो जाती है।
रैना ने कहा- वह अच्छे गेंदबाजों का सम्मान करते हैं और खुद को समय देते हैं। वह जानता हैं कि पहले छह ओवरों में खेल कैसे बनाया जाता है। सलामी बल्लेबाज की सबसे बड़ी पहचान यह है कि आप ओवर नंबर एक से छह तक आक्रमण करते हैं और सात से 11 ओवरों में आप टीम को मजबूती देते हैं। वहीं, रॉबिन उथप्पा ने कहा- यशस्वी आईपीएल के सुपरस्टार हैं और भविष्य में देश को गौरवान्वित करेंगे।