IPL 2023 Mumbai Indians Full Squad List : मुंबई के सामने इस छोटी नीलामी में अपने पूर्व सीनियर खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड की जगह को भरने की चुनौती होगी। साथ ही मुंबई की नजर जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे स्टार खिलाड़ियों के सही-बैकअप तलाशने पर भी होगी।
आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के लिए पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। टीम 14 मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ सबसे अंत में 10वें स्थान पर रही थी। इस बार मुंबई वापसी करना चाहेगा। आगामी सीजन से पहले रोहित शर्मा की टीम की नजर नीलामी में अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से अंजाम देने पर होगी। खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार (23 दिसंबर) को कोच्चि में होनी है।
विज्ञापन
मुंबई के सामने इस छोटी नीलामी में अपने पूर्व सीनियर खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड की जगह को भरने की चुनौती होगी। साथ ही मुंबई की नजर जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे स्टार खिलाड़ियों के सही-बैकअप तलाशने पर भी होगी। पिछले सीजन में टाइमल मिल्स, जयदेव उनादकट और बासिल थम्पी जैसे खिलाड़ियों पर दांव लगाया, लेकिन वह सही साबित नहीं हुआ।
मुंबई इंडियंस की मौजूदा टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), टिम डेविड, रमनदीप सिंह, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह, अर्जुन तेंदुलकर, अरशद खान, कुमार कार्तिकेय, ऋतिक शौकीन, जेसन बेहरेनडोर्फ, आकाश मधवाल।
मुंबई के पर्स में कितने रुपये शेष?
मुंबई के पास 20.55 करोड़ रुपये बचे हुए हैं। उसकी टीम में नौ स्थान खाली है। इनमें तीन विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।
मुंबई को नीलामी में क्या चाहिए?
मुंबई की टीम इस बार कीरोन पोलार्ड के बगैर उतरेगी। उन्होंने नीलामी से पहले कुछ तेज गेंदबाजों और कुछ बैक-अप स्पिनरों को भी जाने दिया है। ऐसे में उन्हें एक ऑलराउंडर और कुछ बैक-अप खिलाड़ियों की जरूरत है। ट्रेंट बोल्ट के जाने के बाद उनके पास पावरप्ले में कोई स्विंग स्टार नहीं है। हालांकि, जोफ्रा आर्चर फिट हो गए हैं, लेकिन टीम उनके बैक-अप के रूप में किसी को जरूर चुनना चाहेगी।
मुंबई किन खिलाड़ियों के लिए लगा सकती है जोर?
मुंबई ऑलराउंडर की जगह के लिए इंग्लैंड के बेन स्टोक्स या सैम करन और ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन के लिए बोली लगा सकती है। स्पिनर्स के लिए एडम जम्पा, तबरेज शम्सी और आदिल रशीद विकल्प हो सकते हैं। भारतीय स्पिनरों में मयंक मार्कंडे और मुरुगन अश्विन (दोनों को मुंबई ने रिलीज किया है) के अलावा श्रेयस गोपाल और अमित मिश्रा में से किसी को टीम खरीद सकती है।
तेज गेंदबाजी आक्रामण में ऑस्ट्रेलिया के रिले मेरेडिथ को जोफ्रा आर्चर के बैक-अप में टीम दुबारा से शामिल कर सकती है। उसने मेरेडिथ को नीलामी से पहले रिलीज कर दिया था। श्रीलंका के दुष्मंथा चमीरा टीम के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। वहीं, विकेटकीपिंग के लिए एन जगदीशन पर फ्रेंचाइजी की नजर होगी। भारतीय तेज गेंदबाजों में शिवम मावी और विद्वथ कावेरप्पा के लिए फ्रेंचाइजी बोली लगा सकती है।