भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के छक्के जड़ने की क्षमता से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बल्लेबाज की जबर्दस्त टाइमिंग की देन है। गायकवाड़ ने 50 गेंद में चार चौकों और नौ छक्कों की मदद से 92 रन बनाए। हालांकि, शुभमन गिल के 36 गेंद में 63 रन की मदद से गुजरात टाइटंस ने मैच जीता।
कुंबले ने कहा, ''एक पारी में नौ छक्के लगाना अद्भुत है। उनके छक्के भी बेदाग थे। ऐसा नहीं है कि उसने बहुत जोर लगाने की कोशिश की। उसके छक्के जबर्दस्त टाइमिंग का नतीजा थे।'' गायकवाड़ की पारी की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स ने मैच में 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने भी गायकवाड़ की तारीफ करते हुए कहा, ऐसा लग रहा था कि गायकवाड़ किसी और ही विकेट पर खेल रहे थे। उसकी तकनीक काबिले तारीफ है। पटेल ने यह भी कहा कि गिल के फॉर्म को देखकर लग रहा है कि वह इस सत्र में 600 रन बनाएंगे। उन्होंने कहा, उन्होंने अपनी ख्याति के अनुरूप बल्लेबाजी की और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के फॉर्म को आईपीएल में कायम रखा।
गायकवाड़ की बात करें तो वह भारत के लिए एक वनडे और नौ टी20 मैचों में खेल चुके हैं। उन्होंने वनडे में 19 और टी20 में 135 रन बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनके नाम एक अर्धशतक भी है। आईपीएल में गायकवाड़ ने अब तक 37 मैच की 37 पारियों में बल्लेबाजी की है। उन्होंने 39.36 की औसत से 976 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 133.09 का रहा। गायकवाड़ ने एक शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।