रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने कहा कि लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करना अहम था। बेंगलुरु की तुलना में लखनऊ का विकेट काफी अलग था। ओपनिंग में जिस तरह से हमारी साझेदारी हुई, वह बहुत जरूरी थी। इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करना अहम था। किसी भी कप्तान के लिए यह फैसला मैच को आसान बना देता। इस विकेट पर स्पिन खेलना एक मुश्किल काम था। इस कम स्कोर वाले मैच में बेंगलोर ने नौ विकेट पर 126 रन बनाए थे और इसका भी सफलतापूर्वक बचाव किया था।
मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 18 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 126 रन बनाए। कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 19.5 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। कृष्णप्पा गौतम ने सबसे ज्यादा 13 गेंदों में 23 रन बनाए।
इस जीत से बैंगलोर ने लखनऊ से पिछली हार का बदला भी ले लिया है। लखनऊ ने चिन्नास्वामी में बैंगलोर को एक विकेट से हराया था। लखनऊ ने 213 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था। बैंगलोर ने आईपीएल में अपने सबसे कम स्कोर को डिफेंड करने के रिकॉर्ड की बराबरी की। इससे पहले 2008 में भी बैंगलोर ने चेन्नई के खिलाफ 126 रन ही डिफेंड किया था। सोमवार को विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा का जन्मदिन भी था। बैंगलोर और विराट कोहली ने उन्हें जीत का तोहफा दिया।