युजवेंद्र चहल इस वक्त 14 मैचों में 26 विकेट लेकर सबसे आगे हैं। उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स को अभी भी कम से कम दो मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में वह 30 से अधिक विकेट अपने नाम कर सकते हैं। दरअसल राजस्थान रॉयल्स अगर पहला क्वॉलिफायर जीत जाती है तो वह सीधा फाइनल खेलेगी, यानी उसे दो मौके मिलेंगे। लेकिन हार की स्थिति में वह दूसरे क्वॉलिफायर में खेलेगी और यहां जीतने के बाद फाइनल में पहुंचेगी। इस स्थिति में राजस्थान की टीम कुल तीन मैच खेलेगी।
वानिंदु हसरंगा की बात करें तो आरसीबी के श्रीलंकाई स्पिनर ने 14 मैचों में 24 विकेट लिए हैं और इस वक्त दूसरे स्थान पर हैं। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पास कम से कम एक मैच है। बैंगलोर की टीम अगर एलिमिनेटर मुकाबला हार जाती है, तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। लेकिन लखनऊ के खिलाफ जीत उसे दूसरे क्वॉलिफायर में पहुंचाएगी और इसके बाद एक और जीत फाइनल में जगह पक्की करेगी।
सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूचि में बाकी तीन खिलाड़ियों यानी कगिसो रबाडा (23), उमरान मलिक (22) और कुलदीप यादव (21) की बात करें तो उनकी टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। रबाडा पंजाब किंग्स का हिस्सा थे तो वहीं उमरान सनराइजर्स हैदराबाद और कुलदीप याजव दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे। लेकिन ये तीनों टीमें प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रहीं।