आईपीएल के मौजूदा सीजन में कई युवा खिलाड़ियों ने प्रभावित किया है। उनमें पंजाब किंग्स के विकेटकीपर जितेश शर्मा भी हैं। उन्होंने विकेटकीपिंग के साथ-साथ बल्ले से भी कमाल का प्रदर्शन किया है। जितेश ने तेजी से रन बनाने की अपनी क्षमता के दम पर प्लेइंग-11 इलेवन में अपना स्थान पक्का किया है। उनके खेल से भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी प्रभावित हैं।
सहवाग ने कहा है कि जितेश को इस साल के अंत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में रिजर्व विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ऑस्ट्रेलिया ले जाना चाहिए। 28 साल के जितेश ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 18 गेंद पर नाबाद 38 रन की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने नौ आईपीएल मैचों में 32.4 की औसत से 162 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.01 का रहा है। जितेश ने 14 चौके और नौ छक्के लगाए हैं।
सहवाग ने एक कार्यक्रम में कहा, ''जितेश ने इस सीजन में काफी प्रभावित किया है। क्या हमें उसे टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शामिल नहीं करना चाहिए? मैं यह सवाल इसलिए उठा रहा हूं कि जो भी रन बनाता है, उसे हम संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल करते हैं। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि जितेश ने अपने खेल से मुझे प्रभावित किया है।
दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के पूर्व कप्तान ने कहा, ''अगर मुझे टीम का चयन करना होता तो मैं उसे दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप की टीम में रखता।'' ऋषभ पंत के बाद दिनेश कार्तिक, ईशान किशन और संजू सैमसन का दावा मजबूत है। इसके बावजूद सहवाग ने जितेश को टीम में रखने की वकालत की है।
सहवाग ने कहा, ''ईशान किशन, ऋषभ पंत और ऋद्धिमान साहा विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन मुझे जितेश ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। वह खुलकर बल्लेबाजी करता है। अपने शॉट खेलने से नहीं चूकता है। जितेश को पता होता है कि किस गेंद को कवर और किस गेंद पर मिड-ऑन में खेलना है।"