राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
- फोटो : अमर उजाला
आईपीएल के 15वें सीजन में अब सिर्फ दो मुकाबले हैं। क्वालीफायर-1 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर नई टीम गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं, एलिमिनेटर मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को शिकस्त देकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने क्वालीफायर-2 में अपना स्थान पक्का कर लिया है। वहां उसका मुकाबला क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम राजस्थान से होगा। शुक्रवार (27 मई) को होने वाले इस मुकाबले में आरसीबी पर चोकर्स का ठप्पा हटाने का दबाव होगा। वहीं, राजस्थान की टीम 14 साल के सूखे को समाप्त कर फाइनल में जगह बनाने उतरेगी।
आरसीबी के पास तीन फाइनल खेलने का अनुभव
आरसीबी की बात करें तो टीम तीन फाइनल खेल चुकी है। सिर्फ पूर्व कप्तान विराट कोहली ही इन तीनों फाइनल में टीम के सदस्य थे। हर बार फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। 2009 में उसे डेक्कन चार्जर्स ने हराया था तब अनिल कुंबले कप्तान थे। 2011 में डेनियल विटोरी की कप्तानी में जब टीम फाइनल खेली तब उसे चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया था। 2016 में विराट कोहली की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।