रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को आईपीएल के आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है। कार्तिक को एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने का दोषी पाया गया। हालांकि, उनकी गलती के बारे में आईपीएल की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
आईपीएल की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "दिनेश कार्तिक को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल-1 का दोषी पाया गया है। उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया है और इस मामले में मैच रेफरी की निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य होगा जाएगा।"
दूसरे क्वॉलिफायर में बैंगलोर की राजस्थान से भिड़ंत
फाफ डुप्लेसी की अगुआई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 14 रन से जीत हासिल की और अब दूसरे क्वॉलिफायर में उसकी टक्कर राजस्थान रॉयल्स से होगी। यहां जीतने वाली टीम गुजरात टाइटंस से फाइनल खेलेगी और हारने वाली टीम को बाहर होना पड़ेगा।
कार्तिक ने एलिमिनेटर मुकाबले में खेली अहम पारी
आरसीबी की तरफ से फिनिशर की भूमिका में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले कार्तिक ने लखनऊ के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में भी अहम पारी खेली। उन्होंने मैच में 23 गेंद में तेजी से 37 रन बनाए और आखिरी तक नाबाद रहे। कार्तिक ने रजत पाटीदार (112*) के साथ मिलकर 41 गेंदों में 92 रन की अटूट साझेदारी की और बैंगलोर के स्कोर को 20 ओवर में 207/4 तक पहुंचाया था।
कार्तिक बने आरसीबी के स्टार फिनिशर
आरसीबी की तरफ से खेल रहे दिनेश कार्तिक का बल्ला इस सीजन में खूब चल रहा है। उन्होंने मौजूदा सीजन में अभी तक 15 मैच में 324 रन हैं। इस दौरान उनकी औसत 64.80 और स्ट्राइक रेट 187.28 की रही है। उन्होंने अकेले दम पर बैंगलोर को कई मैचों में जीत दिलाई है।