मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग के बचे हुए सत्र के लिए चोटिल लवनीत सिसोदिया की जगह टीम में शामिल किया। पाटीदार पहले भी चार बार आरसीबी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, वह 31 टी20 में 138.64 के स्ट्राइक रेट से सात अर्द्धशतकों की मदद से 861 रन बना चुके हैं। इंदौर के 28 साल के इस खिलाड़ी ने 39 प्रथम श्रेणी मैचों में 2588 रन बनाये हैं। वह आरसीबी से 20 लाख रुपये में जुड़ेंगे।
जल्द फिट हो जाएंगे नोर्त्जे: पोंटिंग
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे आईपीएल में खेलने के लिए जल्द फिट हो जाएंगे तथा लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सात अप्रैल को होने वाले मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। नोर्त्जे पीठ और कूल्हे की चोट के कारण पिछले साल नवंबर में टी20 विश्वकप से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर हैं।
पोंटिंग ने कहा, ‘नोर्त्जे ने अभ्यास के दौरान अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी की। उन्हें अभी अपनी पूरी क्षमता से चार और पांच स्पेल और करने होंगे और तब मुझे लगता है कि उन्हें क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका से खेलने की अनुमति मिल जाएगी। हमारे अगले मैच में अभी कुछ दिन का समय है, इसलिए उम्मीद है कि वह अगले मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।’
ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और मिशेल मार्श की उपलब्धता के बारे में पूछे जाने पर पोंटिंग ने कहा, ‘वॉर्नर मुंबई पहुंच गए हैं। मिशेल मार्श पिछले कुछ दिनों से मुंबई में हैं और अभी एकांतवास पर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वह (मार्श) 10 अप्रैल को (कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ) होने वाले मैच के लिये उपलब्ध रहेगा। पाकिस्तान में उसके कूल्हे में चोट लग गयी थी और कुछ अभ्यास सत्र के बाद वह चयन के लिये उपलब्ध रहेगा।’’