आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों के रिटेंशन की लिस्ट सामने आने के बाद पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के कोच ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ये दोनों कोच अगले आईपीएल में लखनऊ की टीम के साथ जुड़ सकते हैं। पंजाब किंग्स के सह मालिक नेस वाडिया और हैदराबाद टीम से जुड़े अधिकारियों ने भी इस बात की जानकारी दी है। बेलिस और फ्लॉवर दोनों क्रिकेट जगत के सबसे बेहतरीन कोच में से एक हैं।
नेस वाडिया ने कहा "यह सही है, एंडी ने पंजाब किंग्स छोड़ दिया है। वो नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं और हम इसका सम्मान करते हैं।" क्रिकबज के अनुसार फ्लॉवर कैरिबियन प्रीमियर लीग में उनकी टीम के कोच बने रहेंगे। पंजाब किंग्स में वो अनिल कुंबले के बाद टीम के सहायक कोच थे। कुंबले अभी भी पंजाब के मुख्य कोच बने रहेंगे।
बेलिस ने छोड़ा हैदराबाद का साथ
सनराइजर्स हैदराबाद के मैंनेजमेंट ने भी बताया है कि उन्हें नए कोच की तलाश है, क्योंकि बेसिल टीम का साथ छोड़ चुके हैं। बेसिल सबसे सफल क्रिकेट कोच में से एक हैं। उन्होंने इंग्लैंड को एशेज सीरीज और वर्ल्डकप जिताने में अहम रोल अदा किया था। वो अब आईपीएल की अन्य टीमों के साथ बातचीत कर रहे हैं। हैदराबाद के लिए उनके आंकड़े कुछ खास नहीं हैं, क्योंकि उनके आने के बाद 2010 में यह टीम तीसरे और 2021 में आखिरी पायदान पर थी।
लखनऊ के संपर्क में हैं ये पूर्व खिलाड़ी
लखनऊ की टीम पूर्व भारतीय कोच गैरी कर्स्टन के अलावा डेनियल विटोरी, बेलिस और फ्लॉवर के संपर्क में है। इन चारों में से कोई एक खिलाड़ी इस टीम का मुख्य कोच बन सकता है। पंजाब के पूर्व कप्तान राहुल भी लखनऊ की टीम में शामिल हो सकते हैं। ऐसा होने पर एक बार फिर आईपीएल में डेनियल विटोरी और राहुल की जोड़ी देखने को मिलेगी।