पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के लिए सोमवार का दिन कई मायनों में खास रहा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 36 साल के अनुभवी बल्लेबाज ने अपना 200वां आईपीएल मैच खेला और इसमें उन्होंने अपने 6000 रन भी पूरे किए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में धवन ने एक बार फिर से अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 46वां अर्धशतक भी पूरा किया। वह पंजाब की तरफ से 59 गेंदों में 88 रन बनाकर नाबाद रहे।
धीमी और मुश्किल पिच पर धवन ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी की और पंजाब को 187 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। टीम की जीत में धवन की पारी का खास योगदान रहा।
आईपीएल की वेबसाइट पर जारी वीडियो में धवन ने टीम के अपने साथी अर्शदीप सिंह से बातचीत में कहा, ‘‘गेंद शुरुआत में थोड़ी रुक कर आ रही थी इसलिए शॉट खेलने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में मैं धैर्य से खेल रहा था। एक बार जब सामंजस्य बन गया तब एक-दो ओवर ऐसे आए जिसमें हमने ज्यादा रन बनाए।’’
किसी एक गेंद को निशाना बनाने के बारे में पूछे जाने पर धवन ने कहा, ‘‘किसी खास गेंदबाज के खिलाफ आक्रामक रूख अख्तियार करने की सोच नहीं थी। हां मेरे ध्यान में छोटी बाउंड्री थी, मैं उस ओर ज्यादा रन बनाने की कोशिश कर रह था लेकिन मैदान में समय बिताने के बाद बड़ी बाउंड्री की ओर भी रन बनाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सीएसके (चेन्नई) के खिलाफ बहुत बार खेला हूं तो उनकी योजना के बारे में अंदाजा लग जाता है। उनकी टीम में श्रीलंका का नया गेंदबाज (महीश तीक्षणा) था, उसको मैं ध्यान से खेलना चाहता था, जब समय आया तो उसके खिलाफ भी आक्रामक होकर रन बटोरे। मुझे उनकी योजना के बारे में पता था कि वे वाइड यॉर्कर डालेंगे, ऐसी गेंदों पर भी रन बनाए।’’
उन्होंने मैच में वापसी के लिए अर्शदीप को श्रेय देते हुए कहा, ‘‘आप ने अच्छी गेंदबाजी की और मैच में हमें वापस लेकर आए। हमारे लिये यह जीत बहुत जरूरी थी।’’
चेन्नई को आखिरी चार ओवर में जीत के लिए 47 रन चाहिए थे तब अर्शदीप ने 17वें ओवर में छह और 19वें ओवर में आठ रन देकर मैच का रूख अपनी टीम की ओर मोड़ने में अहम भूमिका निभाई।