इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सत्र के लिए मेगा ऑक्शन के लिए मंच तैयार है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के एक सदस्य के मुताबिक जनवरी के पहले सप्ताह में खिलाड़ी की नीलामी होगी। वहीं, सभी 8 पुरानी आईपीएल टीमों को दिसंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए कहा जाएगा। आईपीएल के 15वें सत्र में 10 टीमें भाग लेंगी।
फ्रेंचाइजी को औपचारिक रूप से दी जाएगी सूचना
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य ने आगे कहा, अगले 7-8 दिनों में आगामी सीजन की सभी डेटलाइन तय कर ली जाएंगी, हम पहले ही फ्रेंचाइजी से अनौपचारिक रूप से रिटेंड खिलाड़ियों के नियमों और अन्य चीजों के बारे में बात कर चुके हैं, रिटेंशन की समय सीमा, नीलामी पर्स और ऑक्शन की तारीख अगले कुछ दिनों में तय की जाएगी जिसके बारे सभी फ्रेंचाइजी को औपचारिक रूप से सूचित किया जाएगा।
रिटेंशन नियम
खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए बीसीसीआई दो तरह के नियम बनाए हैं। जो आठ टीमों पहले से आईपीएल में खेल रही हैं उन्हें चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की छूट होगी। इसके अलावा आईपीएल के 15 सीजन में शामिल होने वाली लखनऊ और अहमदाबाद की दोनों टीमें मेगा ऑक्शन से पहले पूल में से तीन-तीन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी। तीन खिलाड़ियों के रिटेन के बार में बात करते हुए बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, यह एक प्रस्ताव है और हमने इस मामले पर चर्चा की है, लेकिन यह अभी तक अंतिम निर्णय नहीं है, अभी बहुत सी चीजों पर काम होना बाकी है। हालांकि इस पॉलिसी से कुछ फ्रेचाइजी सहमत नहीं हैं।
90 करोड़ रुपये की संभावना
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 की नीलामी पर्स के लिए 90 करोड़ रुपये होने की संभावना है। साल 2021 की आईपीएल नीलामी में 85 करोड़ रूपये निर्धारित किए गए थे लेकिन इस बार के ऑक्शन में 5 करोड़ रुपये बढ़ाए जाने की उम्मीद है। नियमों के मुताबिक, मौजूदा आठ आईपीएल टीमें 3 भारतीय और एक विदेशी खिलाड़ी या फिर दो भारतीय और दो विदेशी खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी।