जम्मू-कश्मीर के तूफानी तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपनी तेजी से आईपीएल के मौजूदा सीजन में काफी प्रभावित किया है। उन्होंने सीजन में अब तक सात मैचों में 10 विकेट लिए हैं। लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने के कारण उनकी तारीफ हो रही है। आईपीएल के दौरान उमरान को दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली से तारीफ मिल रही है। इस बारे में उनके पिता अब्दुल राशिद ने बताया है।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली ने उमरान को भविष्य का स्टार बताया है। अब्दुल राशिद ने एक इंटरव्यू में कहा, "उमरान ने मुझे कई बातें बताई हैं। महेंद्र सिंह धोनी एक महान खिलाड़ी हैं। विराट भी महान क्रिकेटर हैं। उमरान ने दोनों से मुलाकात की है। उनदोनों ने उमरान से कहा है कि वह भारतीय क्रिकेट का भविष्य है।''
अब्दुल राशिद ने आगे कहा, ''जब उमरान ने मुझे इस बारे में बताया तो वह बहुत खुश था। दो महान खिलाड़ियों से ऐसे शब्दों को सुनने के बाद वह सातवें आसमान पर था। मैं एक दिन उमरान को भारतीय टीम की जर्सी में देखना चाहता हूं। उसे वर्ल्ड कप में खेलते देखने का सपना है। मुझे भरोसा है कि वह ऐसा कर पाने में सफल होगा। वह आज इस स्तर तक पहुंच चुका है और अगले स्तर तक भी पहुंचेगा। वह पूरे देश का सिर ऊंचा करेगा।''
सिर्फ कोहली और धोनी ने ही नहीं बल्कि पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी उनकी तारीफ की है। गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट लाइव में कहा था, ""उमरान मलिक अपनी गति से बहुत प्रभावशाली रहे हैं, लेकिन उनकी गति से अधिक मुझे उनकी सटीकता ने प्रभावित किया है। बहुत से लोग जो उस गति से गेंदबाजी करते हैं, वे गेंद को इधर-उधर फेंकते हैं, लेकिन उमरान सही लाइन पर गेंदें फेंकते हैं।"