गुजरात टाइटंस बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स
- फोटो : Amar Ujala Graphics
आईपीएल 2022 के 57वें मैच में गुजरात टाइटंस ने बाजी अपने नाम की। पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात की टीम ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को एकतरफा अंदाज में 62 रन के बड़े अंतर से हराया। हार्दिक पांड्या की अगुआई में गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए और इसके बाद लखनऊ की टीम को 82 के स्कोर पर ही समेट दिया। गुजरात टाइटंस इस जीत के साथ अंक तालिका में फिर से शीर्ष पर पहुंच गई और इसके साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई।
गुजरात के 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। यश दयाल और मोहम्मद शमी की धारदार गेंदबाजी के आगे लखनऊ की टीम 33 के स्कोर पर ही अपने शीर्ष के तीन विकेट गंवा बैठी।
शमी और यश दयाल ने मिलकर तीन विकेट लिए (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
दीपक हुड्डा और क्रुणाल पांड्या ने इसके बाद टीम को शुरुआती झटकों से उबारने की कोशिश की, लेकिन राशिद खान और अपना पहला मैच खेल रहे साई किशोर ने एक-एक कर के लखनऊ के मध्यक्रम को तोड़ दिया। दोनों ने मिलकर 35 गेंदों डाली और उसमें 31 रन देकर छह खिलाड़ियों को आउट किया।
राशिद की फिरकी में फंसा लखनऊ का मध्यक्रम (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
लखनऊ की तरफ से कोई भी बल्लेबाजी अधिक देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाया।लखनऊ की तरफ से हुड्डा ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। उनके अलावा आठ खिलाड़ी दहाई के आंकड़े को छू भी नहीं पाए। गुजरात की तरफ से राशिद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे और चार विकेट झटके। वहीं साई किशोर ने सात रन देकर दो विकेट लिए।
पहले मैच में साई किशोर ने लिए दो विकेट (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब हुई। तीसरे ही ओवर में ऋद्धिमान साहा पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मैथ्यू वेड ने शुरुआत में दो चौके लगाकर पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन वह भी 10 रन बनाकर चलते बने। उन्हें आवेश खान ने अपने पहले ही ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। कप्तान हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर सके और एक धीमी पारी खेलकर 11 के स्कोर पर आउट हुए।
मोहसिन और आवेश ने दिए शुरुआती झटके (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
गुजरात की टीम 51 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही थी। लेकिन शुभमन गिल और डेविड मिलर ने मिलकर पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। गिल ने इस दौरान 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी तरफ मिलर 16वें ओवर में 24 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए।
मिलर-गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
गिल ने इसके बाद आखिरी के ओवरों में राहुल तेवतिया के साथ मिलकर टीम को एक 144 के स्कोर तक पहुंचाया। तेवतिया ने होल्डर के आखिरी ओवर में तीन चौके समेत 16 रन बटोरे। गिल 49 गेंदों में 63 और राहुल तेवतिया 16 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद रहे।
गिल और तेवतिया के बीच अहम साझेदारी (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)