फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs DC: पहली बार दिल्ली से भिड़ेगी लखनऊ की टीम, ऋषभ पंत और राहुल के बीच कप्तानी जंग

Thu, 07 Apr 2022 11:29 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

दिल्ली ने इस सीजन दो मैच खेले हैं, इनमें से एक में उसे जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं लखनऊ की टीम तीन में से दो मैच जीत चुकी है। आईपीएल में पहली बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। 
 
विज्ञापन
दिल्ली कैपिटल्स बनाम लखनऊ सुपरजाएंट्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2022 का 15वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजाएंट्स के बीच खेला जाएगा। ये दोनों टीमें आईपीएल में पहली बार एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इस मैच में जीत के साथ लखनऊ अंकतालिका में अपनी स्थिति बेहतर करना चाहेगी। वहीं दिल्ली की टीम वॉर्नर और नोर्तजे के आने के बाद नई शुरुआत करना चाहेगी। दिल्ली ने इस सीजन दो मैच खेले हैं, इनमें से एक में उसे जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं लखनऊ की टीम तीन में से दो मैच जीत चुकी है। 
विज्ञापन


पहले मैच में दिल्ली ने मुंबई को हराया था। वहीं दूसरे मैच में उसे गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं लखनऊ को पहले मैच में गुजरात ने हराया था। इसके बाद इस टीम ने वापसी की और लगातार दो मैच जीते हैं। दूसरे मैच में लखनऊ ने चेन्नई और तीसरे मैच में हैदराबाद को मात दी। 

राहुल और पंत के बीच कप्तानी जंग
लोकेश राहुल और ऋषभ पंत दोनों भारत के भविष्य के कप्तान की रेस में शामिल हैं। ऐसे में दोनों के बीच खुद को बेहतर कप्तान साबित करने की जंग भी होगी। पंत की कप्तानी में दिल्ली की टीम प्लेऑफ खेल चुकी है। वहीं राहुल ने बतौर कप्तान बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अब तक अपनी टीम को प्लेऑफ में नहीं ले जा सके हैं। उन्होंने चार मैचों में भारत की कप्तानी की है और सभी मैच गंवाए हैं। 

दिल्ली की बल्लेबाजी कमजोर 
शुरुआती दो मैचों में दिल्ली के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए हैं। पहले मैच में अक्षर पटेल और ललित यादव ने अच्छी साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी, लेकिन दूसरे मैच में ये दोनों भी कोई कमाल नहीं कर सके और टीम को हार का सामना करना पड़ा। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और कप्तान ऋषभ पंत दोनों मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। इसी वजह से दिल्ली की बल्लेबाजी कमजोर दिख रही है। इस मैच में डेविड वॉर्नर के आने से दिल्ली की टीम मजबूत होगी। 

वहीं दिल्ली की गेंदबाज पहले भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। कुलदीप यादव के फॉर्म में आने से बीच के ओवरों में दिल्ली कें गेंदबाजी मजबूत हुई है। अब दक्षिण अफ्रीका का एनरिक नोर्तजे भी टीम के साथ जुड़ चुके हैं। नोर्तजे दिल्ली की गेंदबाजी को और मजबूती देंगे। 

दिल्ली के पास सरफराज और यश के भी विकल्प
पंत और कोच रिकी पोंटिंग पंजाब के पूर्व कप्तान मनदीप को एक और मौका दे सकते हैं। अगर मनदीप को बाहर किया जाता है तो दिल्ली की टीम के पास उनकी जगह कोना भरत, सरफराज खान और यश ढुल के रूप में तीन विकल्प होंगे। प्रथम श्रेणी सत्र के दौरान सरफराज काफी अच्छी फॉर्म में थे जबकि भरत ने पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ कुछ मौके मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया। 

लखनऊ को डि कॉक से उम्मीद
चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइर्स हैदराबाद के खिलाफ दो उम्दा पारियां खेलने वाले लखनऊ के कप्तान राहुल चाहेंगे कि क्विटंन डिकॉक भी सुपरकिंग्स के खिलाफ किए प्रदर्शन को दोहराएं। लखनऊ के गेंदबाजों को हालांकि दिल्ली की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाना होगा जो वॉर्नर की मौजूदगी से और मजबूत होगी। कप्तान पंत और पृथ्वी से भी टीम को बड़ी पारी की इंतजार है। प्रत्येक मैच के साथ ललित यादव का आत्मविश्वास बढ़ रहा है लेकिन अनुभवी मनदीप सिंह बल्लेबाजी क्रम की सबसे कमजोर कड़ी हैं।

खलील और सीफर्ट होंगे बाहर
वॉर्नर और नोर्तजे के आने से दिल्ली की टीम में बदलाव होना तय है। वॉर्नर को सीफर्ट और नोर्तजे को खलील अहमद की जगह दिल्ली की टीम में शामिल किया जा सकता है। सीफर्ट ने शुरुआती दो मैचों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन खलील ने अच्छी गेंदबाजी की थी। इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है।

लखनऊ की टीम ज्यादा संतुलित
लखनऊ के लिए गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। आवेश खान और रवि बिश्नोई अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बल्ले के साथ सभी बल्लेबाज अच्छी पारियां खेल चुके हैं। आखिरी के ओवरों में आयुष बदोनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। मार्कस स्टोइनिस इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन आने वाले मैचों में उन्हें जेसन होल्डर या इविन लुईस की जगह मौका दिया जा सकता है। 

चेन्नई के खिलाफ मैच में लुईस ने कमाल की पारी खेली थी और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया था। वहीं होल्डर अब तक आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। हालांकि, टीम के गेंदबाजी को मजबूती देते हैं। ऐसे में स्टोइनिस को लुईस की जगह मौका मिलने की संभावना ज्यादा है। इस मैच में लखनऊ की टीम में बदलाव की गुंजाइश कम है। 

मनीष की फॉर्म चिंता का सबब
लखनऊ की बात करें तो मनीष पांडे की बल्लेबाजी टीम के लिए चिंता का सबब है। गंभीर अपने खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए जाने जाते हैं और ऐसे में अंतिम एकादश में पांडे की जगह बची रह सकती है। साथ ही इस तथ्य से इनकार नहीं किया जा सकता कि अगर भारतीय बल्लेबाजी विकल्पों की बात करें तो लखनऊ की बेंच स्ट्रैंथ काफी मजबूत नहीं है। टीम के पास मनन वोहरा और उत्तर प्रदेश के सीमित ओवरों के कप्तान करण शर्मा हैं। वोहरा आईपीएल में एक दशक बिताने के बाद भी खुद को स्थापित नहीं कर पाए हैं जबकि करण को अभी काफी कुछ सीखना है।
विज्ञापन

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग-11
पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर, मंदीप सिंह, ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मुस्तफिजूर रहमान, कुलदीप यादव, एनरिच नोर्त्जे।

लखनऊ सुपर जाएंट्स की संभावित प्लेइंग-11
केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), इविन लुईस, मनीष पांडे, दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, जेसन होल्डर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, एंड्रयू टाय।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें