आईपीएल नीलामी के दो दिन पहले पंजाब किंग्स को वसीम जाफर ने झटका दिया था। इस पूर्व ओपनर बल्लेबाज ने टीम के बल्लेबाजी कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। अब बेंगलुरु में खिलाड़ियों की नीलामी हो जाने के बाद पंजाब किंग्स ने नए बल्लेबाजी कोच के नाम का एलान कर दिया। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार (15 फरवरी) को टीम के फील्डिंग कोच दक्षिण अफ्रीका के जॉन्टी रोड्स को बल्लेबाजी कोच भी नियुक्त कर दिया है।
रोड्स को अब तक के सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक माना जाता है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 8000 से अधिक रन भी बनाए। 52 वर्षीय रोड्स पिछले हफ्ते आईपीएल नीलामी के दौरान मुख्य कोच अनिल कुंबले और सह-मालिकों के साथ थे। रोड्स ने 245 वनडे में 5935 और 52 टेस्ट में 2532 रन बनाए हैं।
कुंबले जहां मुख्य कोच के साथ-साथ स्पिनरों के साथ भी काम करेंगे, वहीं डेमियन राइट तेज गेंदबाजी कोच बने रहेंगे। पिछले सीजन में टीम के सहायक कोच रहे एंडी फ्लावर ने भी टीम से खुद को अलग कर लिया था। वे नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाएंट्स के मुख्य कोच बने हैं। पंजाब किंग्स ने कभी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है और आखिरी बार 2014 में फाइनल में पहुंचे थे।
फ्रेंचाइजी के लिए हाल ही में समाप्त हुई नीलामी शानदार रही है। उसने इस बार कई उपयोगी खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। पंजाब किंग्स ने शिखर धवन, शाहरुख खान, लियाम लिविंगस्टोन, जॉनी बेयरस्टो, ओडियन स्मिथ को खरीदा है। इनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के तूफानी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और भारत अंडर-19 टीम के स्टार राज बावा को भी टीम में शामिल किया है।
नीलामी में पंजाब की टीम के पास सबसे ज्यादा पैसे थे। उसने मयंक अग्रवाल को 12 करोड़ और अर्शदीप सिंह को चार करोड़ रुपये में रिटेन किया था। टीम ने अभी तक अपने कप्तान के नाम का एलान नहीं किया है। मयंक अग्रवाल ने पिछले सीजन के एक मैच में कार्यवाहक कप्तान थे। माना जा रहा है उन्हें कप्तानी दी जा सकती है, लेकिन धवन के आने के बाद सबकुछ बदल भी सकता है। फ्रेंचाइजी उन्हें भी कप्तान बना सकती है।