आईपीएल 2022 में दो नई टीमें खेलती दिखाई देंगी। इसमें अहमदाबाद और लखनऊ दो नई फ्रेंचाइजी शामिल हैं। मंगलवार को दोनों फ्रेंचाइजी को बीसीसीआई से हरी झंडी मिल गई। अब यह दोनों टीमें जल्द ही अपने-अपने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की घोषणा कर सकती है।
नीलामी की तारीखों का एलान
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मंगलवार को नीलामी की तारीखों का भी एलान कर दिया है। मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में इससे पहले दोनों टीमों को अपनी-अपनी टीमों के नाम की भी घोषणा करनी है। हालांकि, लखनऊ टीम के मेंटर बनाए गए गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर नाम की घोषणा कर दी है।
ये हो सकता है टीम का नाम
गौतम गंभीर ने इंस्टाग्राम पर लखनऊ के साथ साथ उसके दूसरे नाम के तीन अक्षर भी लिखे हैं। इसके बाद के दो अक्षर ए (A) और एन (N) हैं। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स दो नाम के कयास लगा रहे हैं। उनका कहना है लखनऊ टीम का नाम या तो लखनऊ रेंजर्स (RANGERS) या फिर लखनऊ पैंथर्स (PANTHERS) हो सकता है।
कैप्शन में गंभीर ने ये लिखा
गंभीर ने इसके कैप्शन में लिखा ''शशशशश...नाम की घोषणा जल्द होगी। इसके लिए थोड़ा और इंतजार करिए।'' इसके साथ उन्होंने #नाम बनाओ नाम कमाओ और टीम लखनऊ का भी जिक्र किया। उन्होंने फोटो में यह भी लिखा क्या आप इसे सिक्रेट रख सकते हैं। लखनऊ ने पूर्व ओपनर गंभीर को मेंटर और एंडी फ्लावर को हेड कोच बनाया है। ऐसा माना जा रहा है कि टीम केएल राहुल को टीम से जोड़ेगी और उन्हें कप्तान नियुक्त करेगी।
इस हफ्ते हो सकता है बड़ा एलान
वहीं, अहमदाबाद ने अब तक अपने कोच के नाम का एलान नहीं किया है। बताया जा रहा है कि टीम पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को कोच और गैरी कर्स्टन को मेंटर बनाने जा रही है। इसके अलावा टीम हार्दिक पांड्या को कप्तान बना सकती है। ईशान किशन और राशिद खान इस टीम से जुड़ने वाले बाकी दो खिलाड़ी हो सकते हैं। इसका एलान इसी हफ्ते हो सकता है।
आईपीएल 2022 में बड़ा बदलाव
आईपीएल 2022 में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। टाइटल स्पॉन्सर करने वाली मोबाइल कंपनी वीवो ने लीग के स्पॉन्सरशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। टाटा ग्रुप ने वीवो को टाइटल स्पॉन्सर के रूप में रिप्लेस किया है। आने वाला सीजन यानी आईपीएल 2022 को टाटा आईपीएल के नाम से जाना जाएगा। बीसीसीआई ने आईपीएल के लिए दो नई टीमों का एलान 25 अक्तूबर को किया था। लखनऊ को आरपीएसजी वेंचर्स लिमिटेड ने 7090 करोड़ रुपये और अहमदाबाद को सीवीसी कैपिटल ने 5625 करोड़ रुपये में खरीदा था।