आईपीएल 2022 के लिए आज मेगा ऑक्शन होना है। इस बार 600 खिलाड़ी ऑक्शन पूल में हैं। मेगा ऑक्शन होने की वजह से टीमें कई खिलाड़ी खरीद सकेंगी। उम्मीद की जा रही है कि इसमें भारतीय खिलाड़ियों के साथ विदेशी खिलाड़ियों का भी जलवा रहेगा।
बिग बैश पर होगी टीम प्लानर की नजर
आईपीएल के ऑक्शन में खिलाड़ी चुनने से पहले सभी टीमें काफी होमवर्क करती हैं। टीम खिलाड़ियों की एक लिस्ट तैयार करती है जो दूसरी लीगों में फॉर्म में हैं। खिलाड़ियों की लिस्ट बनाने से पहले टीम प्लानर के दिमाग में खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म भी होती है। बिग बैश और सुपर स्मैश समेत कई लीगों पर टीम प्लानर की नजर भी थी।
आईपीएल की लाइव कवरेज के लिए यहां क्लिक करें...
मैकडरमोट शानदार फॉर्म में चल रहे
ऐसे में बिग बैश का एक खिलाड़ी आईपीएल ऑक्शन में धमाल मचा सकता है। ये हैं ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज बेन मैकडरमोट। बेन इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं और बिग बैश में उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने इस लीग में इस साल लगातार दो शतक लगाए और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वो बिग बैश में लगातार दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। मैकडरमोट ने पहले स्ट्राइकर्स के खिलाफ 60 गेंदों में नाबाद 110 रन की पारी खेली। इसमें 12 चौके और पांच छक्के शामिल थे।
लगातार दो शतक जड़ चुके मैकडरमोट
इसके बाद उन्होंने रेनेगेड्स के खिलाफ 65 गेंदों में 127 रन की पारी खेली। इसमें छह छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे। स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैकडरमोट का स्ट्राइक रेट 183.33 का और रेनेगेड्स के खिलाफ 195.38 का रहा। बिग बैश के 2021-22 सीजन में मैकडरमोट सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने बिग बैश लीग के 2021-22 सीजन में 13 मैच की 13 पारी में 48.08 की औसत और 153.86 के स्ट्राइक रेट से 577 रन बनाए।
मैकडरमोट रन बनाने वालों में टॉप पर
इसमें दो शतक के अलावा तीन अर्धशतक शामिल है। मैकडरमोट ने इस सीजन में 46 चौके और 29 छक्के लगा चुके हैं। दो शतकीय पारियों से इतना तो साफ है कि ऑक्शन में आते ही बेन मैकडरमोट की डिमांड बढ़नी तय है। मैकडरमोट बल्लेबाज के साथ-साथ विकेटकीपर भी हैं। बिग बैश में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे नंबर पर एडिलेड स्ट्राइकर्स के जोनाथन वेल्स (501 रन) और तीसरे नंबर पर एडिलेड स्ट्राइकर्स के ही मैथ्यू शॉर्ट (493 रन) रहे।
पिछले सीजन में भी हिट रहे थे
मैकडरमोट सिर्फ इस सीजन नहीं, बल्कि पिछले सीजन में भी सुपरहिट रहे थे। वे बिग बैश के पिछले सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में 11वें नंबर पर रहे थे। उन्होंने 12 मैचों में 36.54 की औसत और 139.58 के स्ट्राइक रेट से 402 रन बनाए थे। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 96 रन रहा था। इस सीजन उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए थे। इसमें 28 चौके और 21 छक्के शामिल हैं।
इन फ्रेंचाइजियों की होगी नजर
कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स समेत कई फ्रेंचाइजियों को एक आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज की जरूरत है। ऐसे में मैकडरमोट उनके लिए सही ऑप्शन साबित हो सकते हैं। मैकडरमोट ने अब तक बिग बैश में 74 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 138.89 के स्ट्राइक रेट से 2139 रन बनाए हैं।
बिग बैश में मैकडरमोट का रिकॉर्ड
इस दौरान उनके नाम 10 अर्धशतक और तीन शतक दर्ज हैं। बेन मैकडरमोट को अंतरराष्ट्रीय मैचों का ज्यादा अनुभव नहीं है। उन्होंने सिर्फ दो वनडे और 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। बेन मैकडरमोट का वनडे करियर पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हुआ। वह अभी 27 साल के हैं और जिस तरह के फॉर्म में वह हैं, उससे वह ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे चलकर मैच विनर साबित हो सकते हैं।