पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने तीन साल और खेलने की इच्छा जताई है। चार सीजन तक सीएसके का हिस्सा रहे रायुडू ने एक बार फिर से चेन्नई की तरफ से खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह टीम की तरफ से फिर से खेलना चाहेंगे और उम्मीद करते हैं कि आगामी नीलामी में फ्रेंचाइजी उन्हें फिर से चुनेगी।
दाएं हाथ के 36 वर्षीय बल्लेबाज ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, 'मैं निश्चित रूप से सीएसके के लिए खेलना पसंद करूंगा। औपचारिक रूप से, मेरे साथ अब तक कोई संवाद नहीं हुआ है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि मैं उनके द्वारा चुना जाऊंगा और फिर से एक सफल लीग का हिस्सा बनूंगा।'
गौरतलब है कि मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रेंचाइज़ी ने अपने दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा रविंद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़ और मोईन अली को रिटेन किया है। धोनी की अगुवाई में टीम ने इस सीजन में जोरदार वापसी की और 2020 में प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाने वाली टीम ने इस सीजन का खिताब अपने नाम किया।
रायुडू ने कहा, '2020 सीज़न के बाद, सीएसके में यह जीत हमारे लिए बहुत खास थी। मेरा भी योगदान रहा है। मुझे एक अच्छा मौका मिला है और मैंने अपनी क्षमता दिखाई है। मैंने इस साल सीएसके के साथ निभाई गई अपनी भूमिका का भरपूर आनंद उठाया। निचले मध्य क्रम में होने के कारण ऐसा मौका मिलना मुश्किल है और मैंने हर पल को संजोया।'
रायुडू ने कप्तान धोनी की जमकर तारीफ़ की और कहा, 'धोनी भाई का मुझ पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रभाव रहा है, न केवल मुझ पर, बल्कि सभी पर उनका प्रभाव है जो टीम में सभी से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लाता है। इसीलिए वह भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं।'