रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर ने नौ अप्रैल से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी चरण की तैयारियों के अंतर्गत मंगलवार को यहां नौ दिवसीय अनुकूलन शिविर शुरू किया। स्पिनर युजवेंद्र चहल, तेज गेंदबाज नवदीप सैनी और मोहम्मद सिराज सहित 11 खिलाड़ियों ने क्रिकेट परिचालन निदेशक माइक हेसन और मुख्य कोच साइमन कैटिच के मार्गदर्शन में अपनी ट्रेनिंग शुरू की।
टीम के अन्य खिलाड़ी अपना सात दिन का पृथकवास समाप्त होने के बाद शिविर से जुड़ेंगे। कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए आईपीएल ने खिलाड़ियों के लिए यह अनिवार्य पृथकवास लगाया है। टीम के कप्तान विराट कोहली गुरुवार को टीम से जुड़ेंगे, उनके भी अनिवार्य पृथकवास में रहने की संभावना है।
फ्रेंचाइजी ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर का चेन्नई में 'श्री रामचंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च' की खेल सुविधाओं में नौ दिवसीय अनुकूलन शिविर शुरू हो गया है। शिविर सभी खिलाड़ियों को अनुभवी कोचों और स्टाफ जैसे संजय बांगड़, श्रीराम श्रीधरन, एडम ग्रिफिथ, शंकर बासु और मालोलान रंगराजन के साथ काम करने का मौका प्रदान करेगा।'
आईपीएल के बाद भी भारतीय क्रिकेट का शेड्यूल बहुत बिजी है। भारतीय टीम फिर एक बार बबल में जाएगी। उसे जून में इंग्लैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है, इसके बाद उसे इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम वर्ल्ड टी-20 के लिए लौटेगी जो घरेलू सरजमीं पर खेला जाएगा। पुणे में वनडे सीरीज जीतने के बाद कोहली ने इतने व्यस्त शेड्यूल को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई थी।