फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs DC: क्या दिल्ली फतह कर पाएंगे शाहरुख खान के KKR, बेहद मजबूत हैं ऋषभ ब्रिगेड

Thu, 29 Apr 2021 09:22 AM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।
विज्ञापन
कोलकाता नाइटराइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विजयी लय बरकरार रखने के लिए बेताब कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बल्लेबाजों की गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स की दमदार गेंदबाजी के सामने कड़ी परीक्षा होगी। केकेआर शुरू से बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से परेशान है, उसके प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं, उन्होंने अब तक छह मैचों में केवल 89 रन बनाए हैं। केकेआर का गेंदबाजी विभाग विशेषकर स्पिनर सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती विपक्षी टीम के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल रहे हैं, लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी उसे काफी नुकसान पहुंचा रही है।

विज्ञापन
Trending Videos

बल्लेबाजी केकेआर की कमजोरी

पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 124 रन के आसान लक्ष्य के सामने केकेआर का शीर्ष क्रम बिखर गया और उसका स्कोर तीन विकेट पर 17 रन हो गया। इसके बाद कप्तान इयोन मॉर्गन ने जिम्मेदारी संभाली और टीम का चार मैच से चला आ रहा हार का क्रम तोड़ा। शुभमन गिल ने अब तक 15, 33, 21, 0, 11 और नौ रन ही बनाए हैं। ऐसे में गिल को मध्यक्रम में भेजकर राहुल त्रिपाठी के साथ सुनील नरेन को पारी का आगाज करने के लिए भेजना गलत फैसला नहीं होगा। दिग्गज सुनील गावस्कर भी ऐसा सुझाव दे चुके हैं।

दिल्ली कागज में केकेआर से मजबूत

दिल्ली कैपिटल्स के पास शिखर धवन (265 रन), पृथ्वी शॉ, स्टीव स्मिथ और कप्तान ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज हैं और इनकी बराबरी करने लिए केकेआर के बल्लेबाजों को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

दिल्ली को पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली की टीम 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट पर 92 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी। शिमरोन हेटमेयर और पंत ने अर्धशतक जमाकर स्थिति संभाली, लेकिन आखिरी गेंद तक चले रोमांच में दिल्ली को हार झेलनी पड़ी।

इस मैच में हेटमेयर और आंद्रे रसेल के बीच भी मुकाबला देखने को मिल सकता है। रसेल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 22 गेंदों पर 54 रन बनाए थे, लेकिन इसके अलावा वह अपना जलवा दिखाने में असफल रहे हैं। रविचंद्रन अश्विन के हट जाने के बावजूद दिल्ली की गेंदबाजी मजबूत है तथा इशांम शर्मा, कागिसो रबाडा, आवेश खान, अनुभवी अमित मिश्रा और अक्षर पटेल के सामने केकेआर के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा होगी।

दोनों टीम इस प्रकार है

दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, शिमरोन हेटमेयर, मार्कस स्टोइनिस, क्रिस वोक्स, शम्स मुलानी, अमित मिश्रा, ललित यादव, प्रवीण दुबे, कगिसो रबाडा, एनरिच नॉर्टजे, इशांत शर्मा, आवेश खान, स्टीव स्मिथ, उमेश यादव, रिपाल पटेल, विष्णु विनोद, लुकमान मेरीवाला, एम सिद्दार्थ, टॉम करन, सैम बिलिंग्स और अनिरुद्ध जोशी।

विज्ञापन

कोलकाता नाइटराइडर्स: इयोन मॉर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, कुलदीप यादव, शिवम मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल त्रिपाठी, वरुण चक्रवर्ती, शाकिब-अल-हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें