आईपीएल 2021 का रोमांच अब धीरे-धीरे चरम पर आ रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी मुकाबला जबरदस्त होगा, जब अनुभवी कप्तान मोर्गन को सामने युवा पंत होंगे। आईपीएल 2021 में जहां एक ओर दिल्ली की टीम 6 मुकाबलों में से 4 मुकाबले जीते हैं। वहीं, दूसरी ओर केकेआर अपने खेले गए 6 मुकाबलों में से 2 मैच ही जीत पाई है। हालांकि, सीजन में खेले गए अपने पिछले मुकाबले में कोलकाता ने पंजाब को पांच विकेट से मात दी। वहीं, दूसरी तरफ रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को बंगलूरू के खिलाफ एक रन से हार का मुंह देखना पड़ा था।
कोलकाता vs दिल्ली, कौन होगा किस पर हावी?
अहमदाबाद के मैदान पर जब एक तरफ दिल्ली के धुरंधर तो दूसरी तरफ कोलकाता के शेर होंगे तो मुकाबला शानदार होगा। आईपीएल में दिल्ली और कोलकाता के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 14 मुकाबले कोलकाता ने अपने नाम किए हैं तो 11 मुकाबलों में दिल्ली ने जीत दर्ज की है। वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा था। पिछले सीजन आईपीएल में दोनों टीमों के बीच खेले गए दो मुकाबलों में से एक में दिल्ली ने बाजी मारी थी तो एक मुकाबला कोलकाता ने अपने नाम किया था। आंकड़ों में कोलकाता दिल्ली पर भारी दिख रही है।
आईपीएल 2021 में दिल्ली का प्रदर्शन अब तक काफी शानदार रहा है और दिल्ली की टीम इसे जारी रखना चाहेगी। आईपीएल 2021 में इस वक्त दिल्ली की टीम अपने खेले गए 6 मुकाबलों में से 4 मुकाबले जीत कर 8 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। वहीं, कोलकाता की टीम ने सिर्फ 2 मैच जीते हैं, जिसके बाद अंक तालिका में वह इस वक्त पांचवें स्थान पर है।
ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स: पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद भी दिल्ली की टीम प्लेइंग 11 में कोई बदलाव करती नजर नहीं आ रही है। टीम में ऋषभ पंत (कप्तान), पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, स्टीव स्मिथ, शिमरोन हेटमायर, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, अमित मिश्रा, कगिसो रबाडा, आवेश खान और ईशांत शर्मा खेल सकते हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स: पिछले मुकाबले में मिली जीत के बाद केकेआर की टीम प्लेइंग 11 से कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहेगी। टीम में इयॉन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नीतीश राणा, सुनील नारायण, आंद्रे रसल, राहुल त्रिपाठी, पैट कमिंस, शिवम मावी, प्रसिद्ध कृष्णा और वरुण चक्रवर्ती शामिल हो सकते हैं।