सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसिस अच्छी फॉर्म में है जबकि सुरेश रैना और अंबाती रायुडु से बड़ी पारियों की दरकार है। सीएसके के बल्लेबाज राशिद खान की चुनौती से वाकिफ होंगे, लेकिन सनराइजर्स के बाकी गेंदबाज नहीं चल पा रहे हैं जो उसका कमजोर पक्ष है। सनराइजर्स अपने विदेशी खिलाड़ियों कप्तान डेविड वार्नर, सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो, न्यूजीलैंड के दिग्गज केन विलियमसन और राशिद पर काफी निर्भर हैं। उसकी टीम में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों का लचर प्रदर्शन उसके लिये चिंता का विषय है।
सनराइजर्स की बल्लेबाजी बहुत हद तक शीर्ष क्रम पर निर्भर है और चोटी के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने पर टीम की कमजोरी खुलकर सामने आ जाती है। मध्यक्रम में भारतीय खिलाड़ी हैं जो नहीं चल पा रहे हैं और यदि सनराइजर्स को आगे बढ़ना है तो उसके टीम प्रबंधन को जल्द ही यह कमजोरी दूर करनी होगी। वार्नर को भी जल्द से जल्द खराब फार्म से उबरना होगा। उन्हें सीएसके के तेज गेंदबाज दीपक चाहर के सामने टिककर खेलना होगा जो शुरू में विकेट हासिल करने में माहिर हैं।
चाहर के अलावा जडेजा, अनुभवी इमरान ताहिर और सैम करन भी सीएसके की तरफ से अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। सनराइजर्स के लिए गेंदबाजी का चिंता का विषय है। वह इस विभाग में राशिद पर निर्भर है, लेकिन बाकी 16 ओवरों में विपक्षी टीम अच्छे रन बना सकती है। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं जबकि यॉर्कर विशेषज्ञ टी नटराजन के चोट के कारण हट जाने से टीम को झटका लगा है।
चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, केएम आसिफ, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो, फाफ डुप्लेसिस, इमरान ताहिर, एन जगदीशन, कर्ण शर्मा, लुंगी एनगिडी, मिचेल सेंटनर, रविंद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, सैम करन, आर साई किशोर, मोईन अली, के गौतम, चेतेश्वर पुजारा, हरिशंकर रेड्डी, भगत वर्मा, सी हरि निशांत।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), केन विलियमसन, जॉनी बेयरस्टो, मनीष पांडे, श्रीवत्स गोस्वामी, ऋधिमान साहा, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, विराट सिंह, जेसन होल्डर , मोहम्मद नबी, राशिद खान, शाहबाज नदीम, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा, खलील अहमद, सिद्दार्थ कौल, बासिल थम्पी, जगदीश सुचित, केदार जाधव, मुजीब-उर-रहमान।