अर्जुन तेंदुलकर, सारा तेंदुलकर
- फोटो : social media
टीम इंडिया के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल में अपने डेब्यू के लिए बेकरार हैं। गुरुवार को हुई आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को उनके 20 लाख रुपये के आधार मूल्य में खरीदा।
नीलामी में चुने जाने के बाद 21 साल के अर्जुन ने उन पर भरोसा दिखाने के लिए कोचों का शुक्रिया अदा किया। अर्जुन ने मुंबई इंडियंस के ट्विटर हैंडल पर वीडियो संदेश पोस्ट करते हुए कहा, 'बचपन से ही मैं मुंबई इंडियंस का धुर प्रशंसक हूं। मैं कोचों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करना चाहूंगा जिन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया।'
उन्होंने कहा, 'मैं मुंबई इंडियंस पलटन से जुड़ने के लिए रोमांचित हूं और नीली व सुनहरी जर्सी पहनने का इंतजार नहीं कर सकता।' दरअसल, अर्जुन पिछले दो-तीन सीजन से फ्रेंचाइजी के नेट गेंदबाज भी रहे हैं। हाल में उन्होंने मुंबई की सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया, जिसके लिए वह राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ खेले थे।
अर्जुन तेंदुलकर की इस उपलब्धि पर उनकी बहन सारा तेंदुलकर ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दी है। सारा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में अर्जुन के साथ तस्वीर शेयर की है। सारा ने अपने स्टोरी संदेश में अर्जुन को बधाई देते हुए लिखा, इस उपलब्धि को आपसे कोई भी दूर नहीं ले जा सकता। यह आपकी है। तुमपर गर्व है।