मिस्टर आईपीएल कहलाए जाने वाले सुरेश रैना दुनिया की इस सबसे महंगी क्रिकेट लीग के 13वें संस्करण में नहीं खेलेंगे। शनिवार की दोपहर जैसे ही यह खबर आई क्रिकेट फैंस हैरान रह गए। 15 अगस्त की शाम महेंद्र सिंह धोनी के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले सुरेश ने चेन्नई शिविर में भाग लिया। वहां से टीम के साथ संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे। कोरोना की वजह से जरूरी छह दिन का क्वारंटीन काल भी पूरा किया। होटल के कमरे में एक्सरसाइज करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहे। यानी कुल मिलाकर 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे टूर्नामेंट के लिए 'चिन्ना थाला' पूरी तरह उत्साहित थे।
मीडिया सूत्रों की माने तो 33 वर्षीय यह खब्बू बल्लेबाज कोरोना के बढ़ते प्रभाव और चेन्नई सुपरकिंग्स के खेमे में मिले पॉजिटिव केस से भयभीत हो गए। बीते 24 घंटे के भीतर महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली सीएसके से जुड़े 12 सदस्य (दो खिलाड़ी) इस महामारी से संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार को पेसर दीपक चाहर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो शनिवार की दोपहर भारत ए टीम के सदस्य रहे ऋतिराज गायकवाड़ भी इसकी चपेट में आ गए, जिसके बाद रैना ने मन बना लिया कि वह ऐसे माहौल में अपनी जान को खतरे में डालकर क्रिकेट नहीं खेल सकते और स्वदेश लौटेंगे।
खबरों के मुताबिक सुरेश रैना शुक्रवार रात से ही काफी असहज महसूस कर रहे थे। कोच स्टीफन फ्लेमिंग और खास दोस्त में से एक कप्तान धोनी को सारी स्थिति से अवगत भी कराया। सूत्रों के मुताबिक माही ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन उत्तर प्रदेश का यह खिलाड़ी वापस लौटने का मन बना चुका था, जिसके बाद टीम प्रबंधन ने भी उनके फैसले का सम्मान करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी सार्वजनिक जानकारी दी। फ्रेंचाइजी से जुड़े सूत्र ने कहा कि आईपीएल के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल रैना को अपने परिवार के साथ समय देने की जरूरत थी।
सीएसके ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने बयान ट्वीट कर बताया, 'सुरेश रैना निजी कारणों से भारत लौट आए हैं और आईपीएल के शेष सत्र के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स इस दौरान सुरेश और उनके परिवार को पूरा समर्थन देगा।’