विराट कोहली की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम दस में से सात मुकाबले जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बुधवार को अबू धाबी में कोलकाता को पटखनी देने के बाद विराट काफी खुश हैं। केकेआर को आठ विकेट से हराने के बाद विराट ने टीम की तारीफ की और अपनी प्लानिंग पर बात की। उन्होंने मैच के बाद यहां कहा कि उनकी टीम ने इस बार हर तरह की परिस्थिति के लिए रणनीति तैयार कर रखी है और यही कारण है उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर की जगह मोहम्मद सिराज को नई गेंद सौंपी।
कोहली की यह रणनीति कारगर साबित हुई। सिराज ने चार ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट लिए। केकेआर आठ विकेट पर 84 रन ही बना पाई। आरसीबी ने 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल करके आईपीएल 2020 में अपनी स्थिति मजबूत की।
कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘मैं वाशी (सुंदर) को नई गेंद सौंपने की सोच रहा था। टॉस गंवाना अच्छा रहा क्योंकि हम भी पहले बल्लेबाजी करते। हमारी रणनीति वाशी और मौरिस से गेंदबाजी का आगाज करवाना था लेकिन तब हमने मौरिस और सिराज को नई गेंद सौंपने का फैसला किया।’
उन्होंने कहा, ‘टीम प्रबंधन ने ऐसी संस्कृति तैयार की है जहां सटीक रणनीति होती है। हमारे पास प्लान ए, प्लान बी और प्लान सी होता है। हमें इस रणनीति पर अमल करना होता है। हमने नीलामी में भी कुछ चीजें की थी जिसका फायदा मिल रहा है। आपके पास सभी योजनाएं होती है लेकिन आपको अपने खिलाड़ियों पर विश्वास होना चाहिए।’
कोहली ने मौरिस और सिराज की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘मौरिस जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है। वह ऐसा खिलाड़ी है जो नेतृत्व करना चाहता है। वह ऊर्जावान है। वह गेंद से, बल्ले से और क्षेत्ररक्षण में योगदान दे सकता है।’
कोहली ने कहा, ‘सिराज के लिए पिछला साल मुश्किल रहा और उसकी काफी आलोचना हुई। इस बार उसने कड़ी मेहनत की और वह नेट्स पर भी अच्छी गेंदबाजी कर रहा था। अब उसके परिणाम नजर आ रहे हैं।’