लगातार दो जीत से आत्मविश्वास से भरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में इस लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। वॉर्नर की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद टूर्नामेंट की इकलौती टीम है जिसे पहली जीत का इंतजार है।
दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआती दोनों मैचों में शानदार जज्बा दिखाया और हौसला बढ़ाने वाली जीत दर्ज की है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने किंग्स इलेवन पंजाब को सुपर ओवर तक चले मैच में हराने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को आसानी मात दी। टीम तालिका में शीर्ष पर है।
सनराइजर्स की कोशिश इस मैच से टूर्नामेंट में वापसी करने की होगी। सत्र के शुरुआती मुकाबले में जॉनी बेयरस्टो (61) और मनीष पांडेय (34) की पारी से बेहतर स्थिति में होने के बाद भी टीम 164 रन के लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही।
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ दूसरे मैच में भी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। इस मुकाबले में रिद्दिमान साहा की धीमी बल्लेबाजी की आलोचना हुई। उनसे उम्मीद होगी की वह प्रारूप के मुताबिक बल्लेबाजी करेंगे।
रबाडा ने दिखाई है रिदम
दिल्ली के लिए दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की जोड़ी कागिसो रबाडा और एनरिक नॉर्ट्जे ने नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया है जबकि स्पिनरों में अक्षर पटेल और अमित मिश्रा ने रविचंद्रन अश्विन की अनुपस्थिति में भी शानदार खेल दिखाया। अश्विन पहले मैच में चोटिल हो गए थे और सनराइजर्स के खिलाफ उनके खेलने की संभावना कम है। लेग स्पिनर मिश्रा ने कहा, ‘ यह गंभीर चोट नहीं है, उन्होंने नेट्स पर गेंदबाजी की, वह जल्दी वापसी करेंगे। ’
शिखर-पृथ्वी पर अच्छी शुरुआत का जिम्मा
बल्लेबाजी में एक बार फिर अनुभवी शिखर धवन और युवा पृथ्वी शॉ पर अच्छी शुरुआत दिलाने का दारोमदार होगा। ऋ षभ पंत और अय्यर ने चेन्नई के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी कर लय में होने के संकेत दिए। ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला मार्कस स्टोइनिस ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान दिया है जबकि टीम को वेस्टइंडीज के शिमरोन हेतमायर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वार्नर पर हैदराबाद का दारोमदार
सनराइजर्स के लिए मध्यक्रम कमजोर कड़ी है। टीम को अगर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करनी है तो वार्नर और बेयरस्टो के अलावा दूसरे बल्लेबाजों को भी योगदान करना होगा। आईपीएल का खिताब 2016 में जीतने वाली टीम ने चोटिल मिशेल मार्श की जगह अफगानिस्तान के ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी को मैदान में उतारा था। नबी ने गेंद और बल्ले से अच्छा योगदान दिया था। टीम हालांकि इस मैच में मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए नबी की जगह केन विलियमसन को अंतिम 11 में शामिल कर सकती है। सनराइजर्स के लिए राशिद खान ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उन्हें दूसरे गेंदबाजों से वैसा समर्थन नहीं मिला।