आईपीएल 2020 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और ऐसे में खिलाड़ियों के अलावा फ्रैंचाइजियों ने भी अपनी-अपनी प्लानिंग शुरू कर दी है। कुछ ही महीनों बाद शुरू होने वाले 13वें संस्करण के लिए अब कोलकाता नाईट राइडर्स ने नई घोषणा की है। सोमवार को केकेआर ने इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स फोस्टर को अपना फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
केकेआर ने अपने ट्विटर हैंडल पर जनकारी देते हुए फोस्टर का नाम उजागर किया। फोस्टर अब असम के पूर्व क्रिकेटर सुभादीप घोष की जगह यह जिम्मेदारी उठाएंगे।
39 वर्षीय फोस्टर ने इंग्लैंड की तरफ से 2001-2009 के बीच सात टेस्ट, 11 वनडे और पांच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले थे। उन्होंने भारत के खिलाफ साल 2001 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और फिर 2018 में संन्यास लेने के बाद कोच की भूमिका में आ गए थे।
फोस्टर अब न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम के साथ मिलकर टीम की बागडोर संभालेंगे और खिलाड़ियों को सुझावों के साथ-साथ फील्डिंग के गुर भी सिखायेंगे।