अपनी धमाकेदार पारी के दौरान शॉट लगाते केएल राहुल
- फोटो : पीटीआई
कोरोना वायरस के इस संकट काल के बीच इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल का जोश क्रिकेट प्रेमियों के सिर पर चढ़ कर बोल रहा है। शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच हुए मुकाबले में पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने तूफानी सेंचुरी के साथ कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।
एक ओर केएल राहुल ने आईपीएल 2020 का पहला शतक जड़ा तो दूसरी ओर वह इस लीग में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। वहीं, अपनी धमाकेदार पारी के साथ वह आईपीएल में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने।
सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड इससे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम था। सभी खिलाड़ियों को शामिल किया जाए तो यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 48 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे। राहुल ने यह कारनामा अपनी 60वीं पारी में किया।
उन्होंने आईपीएल 2020 का पहला शतक भी ठोका। राहुल ने 69 गेंदों में 132 रन की विशाल पारी खेली। 16.6 और 17.6 पर विराट कोहली के उनके दो कैच छोड़े। तब राहुल 83 और फिर 89 रन पर थे। इस दौरान वह आईपीएल में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। राहुल से पहले यह रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के ऋषभ पंत के नाम था। पंत ने आईपीएल 2018 में 128 रन की पारी खेली थी।
इस दौरान राहुल ने 14 चौके और सात सिक्स लगाए। इससे पहले विराट कोहली की अगुवाई वाली आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। आरसीबी ने जहां पहले मैच में जीत हासिल की थी वहीं पंजाब को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
इसके साथ ही वह आईपीएल के इतिहास में बतौर कप्तान एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले बतौर कप्तान एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वार्नर के पास था। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलने वाले वार्नर ने आईपीएल 2017 में 126 रन की पारी खेली थी।