मैच के बाद पुरस्कार समारोह में धवन ने कहा, 'श्रेयस दर्द महसूस कर रहा है। हमें चोट के बारे में कल पता चलेगा। अच्छी बात यह है कि उनके कंधे में हरकत है।' इस मैच में दिल्ली ने सात विकेट पर 161 रन बनाने के बाद राजस्थान रॉयल्स को 148 रन पर रोककर 13 रन की रोमांचक जीत दर्ज की। धवन ने कहा कि हमें अंदाजा था कि राजस्थान की बल्लेबाजी में गहराई नहीं है ऐसे में हमारे पास अच्छा मौका था।'
शिखर धवन ने कहा, 'हमें अपनी टीम की जीत का भरोसा था। हमें पता था कि उनकी बल्लेबाजी में ज्यादा गहराई नहीं है। हम जानते थे कि उनके शीर्ष क्रम को जल्दी निपटाकर मैच पर पकड़ बना सकते है। हमारे पास अनुभवी गेंदबाज हैं। एनरिच नॉर्ट्जे के रूप में शानदार तेज गेंदबाज है। तुषार ने भी चतुराई से गेंदबाजी की।'
नॉर्ट्जे ने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट जबकि देशपांडे ने 37 रन देकर दो विकेट लिये। नोर्जे ने इस दौरान 155-156 किलोमीटर की रफ्तार से गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज नॉर्ट्जे ने कहा, 'मुझे इस बारे में पता नहीं है कि मैंने 156 किलोमीटर की रफ्तार से गेंदबाजी की है। यह सुनकर अच्छा लग रहा है। मैं तेज गेंदबाजी करते हुए स्टंप्स को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। हमारे पास अच्छे कोच है। कागिसो रबाडा और दूसरे तेज गेंदबाजों के साथ काम करना अच्छा रहा।'