बीसीसीआई ने तमाम दिक्कतों और पाबंदियों के बीच देश के बाहर यूएई में आईपीएल के 13वें सीजन का आयोजन सफलतापूर्वक किया। कोरोना के खतरे को देखते हुए इस बार के आईपीएल का आयोजन दर्शकों की गैरमौजूदगी में खाली स्टेडियम में किया गया। बायो बबल और क्वारंटीन के जद्दोजहद के बीच हुए इस टूर्नामेंट को दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिला। इसका अंदाजा आईपीएल की आधिकारिक प्रसारक स्टार इंडिया द्वारा जारी आंकड़ों को देखने के बाद लगाया जा सकता है।
स्टार इंडिया ने दावा किया है कि इस बार की टी-20 लीग में 31.57 मिलियन औसत इम्प्रेशन के साथ टीवी दर्शकों की संख्या में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) इंडिया के अनुसार डाटा पांच क्षेत्रीय भाषाओं में कवरेज से प्राप्त किया गया है. इसमें हिंदी, बंगाली, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ ने दर्शकों की संख्या बढ़ाने में बहुत मदद की है। चैनल के अनुसार, हाल ही में समाप्त हुए टूर्नामेंट में महिलाओं दर्शकों में क्रमश: 24 प्रतिशत और बच्चों में 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी देखी गई।
बता दें कि कोरोना और लॉकडाउन की वजह से आईपीएल का आयोजन तय समय पर नहीं हो पाया था, लेकिन बाद में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के स्थगित होने के बाद इसे देश से बाहर यूएई में करवाने का फैसला लिया गया। इस दौरान मैदानों के साथ-साथ प्रायोजक भी बदल गए थे।
डेढ़ महीने तक चले इस टूर्नामेंट में सभी टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। इस दौरान कई उपलब्धियां बनी और रिकॉर्ड टूटे। वहीं मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की अगुवाई में रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया।