यूएई में खेले जा रहे आईपीएल के 13वें सीजन से दो बड़ी खबर आ रही है। ये दोनों खबरें दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं, क्योंकि दिल्ली के अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा और हैदराबाद के दिग्गज पेसर भुवनेश्वर कुमार दोनों पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। 37 वर्षीय अमित मिश्रा जहां आईपीएल इतिहास के दूसरे सर्वाधिक विकेट टेकर गेंदबाज थे तो स्विंग के जादूगर भुवनेश्वर SRH की गेंदबाजी आक्रमण के अगुवा थे।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बीते शुक्रवार को 19वें ओवर में भुवी चोटिल हो गए थे। मैच के दौरान फिजियो ने उनकी जांच भी की थी, मगर इसके बाद उन्हें मजबूरन मैदान से बाहर जाना पड़ा था, उनकी गैर मौजूदगी में खलील अहमद ने ओवर पूरा किया था। भुवी इस सीजन में रंग में नजर आ रहे थे। 0/25, 0/29, 2/25 और 1/20 के आंकड़े उनके दमदार फॉर्म के परिचायक हैं। भुवी पिछले कुछ समय से ही चोट से जूझ रहे थे, पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ स्पोर्ट्स हर्निया का इलाज करवाया। आईपीएल 2018 के दौरान भी वह चोटिल हो गए थे, इससे पहले हैदराबाद के एक अन्य तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर मिचेल मार्श चोटिल होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, उनकी जगह बतौर रिप्लेसमेंट जेसन होल्डर को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने अबतक एक भी मैच नहीं खेला है।