साल 2020 कई मायनों में अकल्पनीय रहा। दुनिया ने ऐसे नजारे देखें, जिसके बारे में कभी किसी ने सोचा नहीं था। चेन्नई सुपरकिंग्स का पहली बार प्लेऑफ से बाहर होना भी इसी का हिस्सा है। किसी को विश्वास ही नहीं हुआ कि टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम इस तरह विदा होगी। इन सब के बीच धोनी की सेना बाकी टीमों पर एक मामले में हावी रही।
मैदान की सिकंदर सीएसके, सोशल मीडिया की बादशाह रही। दरअसल, 13वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को लेकर सबसे ज्यादा ट्वीट किए गए और ट्विटर सीएसके की टीम बाकी सभी दलों पर हावी रही। दूसरे नंबर पर विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर रही।
फिर रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली कैपिटल्स का नंबर आता है। इस ट्रेंड के कई कारण हो सकते हैं। एक तो चेन्नई के पास सबसे बड़ा फैन बेस है। फिर जल्दी बाहर होने के चलते भी टीम चर्चा में बनी रही।
बताते चले कि कोरोना काल में 13वें सीजन का आयोजन देश से बाहर हुआ। यूएई की मेजबानी में संपन्न हुए आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीता। पहली बार फाइनल में पहुंची युवा खिलाड़ियों से सजी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को मायूसी ही हाथ लगी।