पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर को विराट कोहली और पार्थिव पटेल की सलामी जोड़ी ने बेहद शानदार शुरुआत दिलाई। मगर आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मेजबान टीम को पार्थिव पटेल के रूप में पहला झटका लगा। नितीश राणा ने पटेल को एलबीड्ब्लयू आफट किया। वह 24 गेंदों में 3 चौके की मदद से 25 रन बनाए। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई।
यहां से विराट और डीवीलियर्स की जोड़ी ने बैंगलोर की पारी को आगे बढ़ाया। मगर 17.1 ओवर में बैंगलोर को विराट कोहली के रूप में दूसरा झटका लगा। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने उन्हें खुद की गेंद पर कैच लपककर डगआउट भेजा। विराट ने 49 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 84 रन की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली। कोहली ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने डीविलियर्स के साथ मिलकर 108 रनों की साझेदारी की।
इसके बाद सुनील नरेन ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एबी डीविलियर्स को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराकर बैंगलोर को तीसरा झटका दिया। एबी ने 32 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 63 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। डीविलियर्स ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इससे पहले कोलकाता के कप्तान दिनेश कार्तिक ने बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कोलकाता ने इस मैच में एक बदलाव किया है। निखिल नाईक की जगह सुनील नरेन को टीम में शामिल किया है। वहीं, मेजबान टीम बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने दो बदलाव करते हुए शिमरॉन हेटमेयर की जगह टिम साउथी और उमेश यादव की जगह पवन नेगी को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है।
लगातार चार मैच गंवाने के बाद बैंगलोर की टीम जब शुक्रवार को कोलकाता के खिलाफ उतरेगी तो उसकी निगाहें इस सीजन की पहली जीत पर होगी। विराट की अगुआई वाली टीम में इस आईपीएल मैच के लिए कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
कप्तान विराट कोहली ने स्वीकार किया कि उनकी संघर्षरत टीम अब भी सही संतुलन नहीं बना पाई है लेकिन संयोजन के साथ प्रयोग जारी रहेंगे। लगातार लचर प्रदर्शन के बाद बेंगलोर बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव कर सकता है। बैंगलोर का प्रदर्शन इस आईपीएल में अभी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में बेहद निराशाजनक रहा है।
दोनों टीम इस प्रकार है:
बैंगलोरः विराट कोहली (कप्तान), पार्थिव पटेल, एबी डीविलियर्स, मार्कस स्टोइनिस, मोइन अली, अक्षदीप नाथ (विकेटकीपर), पवन नेगी, नवदीप सैनी, टिम साउथी, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज।
कोलकाताः क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और लॉकी फर्ग्यूसन।