बैंगलोर के खिलाफ इंडियन टी-20 लीग के मौजूदा सत्र में पहली जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से भरी राजस्थान की टीम रविवार को जब कोलकाता के खिलाफ अपने घरेलू मैदान में उतरेगी तो उसके सामने आंद्रे रसेल, नितीश राणा, रॉबिन उथप्पा और शुभमन गिल जैसे लय में चल रहे बल्लेबाजों को रोकने की चुनौती होगी।
जोफ्रा आर्चर, जयदेव उनादकट और बेन स्टोक्स जैसे गेंदबाजों ने टूर्नामेंट में अंतिम ओवरों में अब तक काफी रन लुटाए हैं। ऐसे में चैलेंजर बेंगलोर के खिलाफ शुक्रवार को पावर हिटिंग का जबर्दस्त नमूना पेश करने वाले आंद्रे रसेल (13 गेंद में नाबद 48 रन) को रोकने के लिए अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।
राजस्थान के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक स्पिनर श्रेयस गोपाल रहे हैं, जिन्होंने अपनी गुगली से विराट कोहली, एबी डीविलियर्स और शिमरोन हेतमायर को चकमा देने के साथ चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट लिए। बेंगलोर के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद भी राजस्थान की टीम में कई खामियां हैं जिसमें वे सुधार करना चाहेंगे।
पंजाब, हैदराबाद और चेन्नई के खिलाफ इस टीम ने अच्छी स्थिति में होने के बाद भी मैच गंवा दिया। स्टीव स्मिथ और बेन स्टोक्स जैसे टीम के स्टार खिलाड़ी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं। इस आईपीएल का पहला शतक लगाने वाले संजू सैमसन, जोस बटलर और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अच्छी बल्लेबाजी की है।
सुनील नरेन, कुलदीप यादव और पीयूष चावला की अगुआई में केकेआर का गेंदबाजी विभाग सवाई मान सिंह स्टेडियम में विकेट का फायदा उठाने की कोशिश करेगा। इस पिच पर स्पिनरों को अच्छा टर्न मिला है और गेंद नीची रही है।