पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान टीम को सलामी बल्लेबाज और कप्तान अजिंक्य रहाणे (14) के रूप में पहला झटका लगा। चेन्नई के तेज गेंदबाजी दीपक चाहर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। पहले विकेट के लिए रहाणे ने बटलर के साथ मिलकर 31 रन की साझेदारी की। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर चेन्नई को बड़ी सफलता दिलाई। शार्दुल ने सलामी व धाकड़ बल्लेबाज जोस बटलर (23) को एक्सट्रा कवर पर रायुडू के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
5.2 ओवर में राजस्थान को संजू सैमसन के रूप में राजस्थान का तीसरा विकेट गिरा। मिशेल सैंटनर ने सैमसन को स्थानापन्न खिलाड़ी ध्रुव शौरी के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। इसके बाद 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रविंद्र जडेजा ने राहुल त्रिपाठी (10) के रूप में राजस्थान को चौथा झटका दिया। जडेजा ने त्रिपाठी को केदरा जाधव के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद 11वें ओवर की पांचवी गेंद पर जडेजा ने स्टीव स्मिथ (15) को रायुडू के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। स्मिथ के आउट होने के साथ ही राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट गई।
15वें ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने डेव्यू बल्लेबाज रियान पराग (15) के रूप में राजस्थान को छठा झटका दिया। इसके बाद 18.2 ओवर में तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने बेन स्टोक्स को क्लीन बोल्ड को राजस्थान का सातवां विकेट चटकाया। स्टोक्स 28 रन बनाकर डगआउट लौटे।
इससे पहले चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार को राजस्थान के खिलाफ इंडियन टी-20 लीग के 25वें मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे आज के इस मुकाबले में दोनों टीमों में बदलाव किया गया है।
चेन्नई ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए हरभजन सिंह और स्कॉट कुग्गेलेन की जगह मिशेल सैंटनर और शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया है। वहीं, मेजबान टीम राजस्थान ने अपनी टीम में रियान पराग, जयदेव उनादकट और संजू सैमसन को जगह दी है। बता दें कि रियान पराग (17 साल 152 दिन) का यह डेव्यू मैच है।
अजिंक्य रहाणे की अगुआई वाली राजस्थान जब घरेलू मैदान पर धोनी की चेन्नई के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य बड़े उलटफेर के साथ जीत की पटरी पर लौटने का होगा। राजस्थान की टीम पांच मैचों में से सिर्फ एक जीत से आठ टीमों की तालिका में सातवें स्थान पर है। उसे एकमात्र जीत निचले स्थान पर चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ इसी सवाई मान सिंह स्टेडियम में मिली थी। अब उसकी निगाह घरेलू मैदान का फायदा उठाकर गत चैंपियन को चित करने पर होगी।
उधर, शानदार फॉर्म में चल रही चेन्नई की टीम ने पिछले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स पर सात विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की थी। इससे वह आत्मविश्वास से लबरेज है। टीम छह मैचों में पांच जीत तालिका में शीर्ष पर है। चेन्नई के पास किसी भी मैदान पर और हर तरह की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन करने के लिए संतुलित टीम मौजूद है।
दोनों टीमें इस प्रकार है:
राजस्थान : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर, संजू सैमसन, स्टीव स्मिथ, राहुल त्रिपाठी, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, रियान पराग, जयदेव उनादकट और धवल कुलकर्णी।
चेन्नई : शेन वॉटसन, फाफ डु प्लेसिस, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, मिशेल सैंटनर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और इमरान ताहिर।