फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2019: मुंबई ने रोका चेन्नई का विजयी रथ, 37 रन से जीता मुकाबला

Thu, 04 Apr 2019 12:25 AM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
मुंबई इंडियंस
विज्ञापन

सूर्यकुमार यादव (59) की शानदार अर्धशतकीय पारी और हार्दिक पांड्या (3 विकेट) व लसिथ मलिंगा (3 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत मुंबई ने बुधवार को चेन्नई के विजयी रथ को रोक दिया। वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान मुंबई ने इस सीजन में जीत की हैट्रिक लगा चुकी चेन्नई को 37 रन से हराया। बता दें कि सीजन-12 में यह चेन्नई की पहली हार है। वहीं,  इस जीत के साथ मेजबान मुंबई 100 इंडियन टी-20 लीग (सुपरओवर जीत के साथ) जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

विज्ञापन


टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी और मैच हार गई। चेन्नई की तरफ से केदार जाधव ने 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।  इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मुंबई के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर मेहमान टीम चेन्नई को अंबाती रायुडू के रूप में पहला झटका लगा। वह बिना खाता खेले डगआउट लौट गए। उन्हें मुंबई के तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ ने विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच आउट कराया। इसके अगले ही ओवर (1.2) में लसिथ मलिंगा ने चेन्नई को दूसरा झटका दिया। मलिंगा ने सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन (5) को किरोन पोलार्ड के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।
विज्ञापन


इसके बाद पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर जेसन बेहरेनडॉर्फ ने मुंबई को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने चेन्नई के स्टार ऑलराउंडर सुरेश रैना (16) को किरोन पोलार्ड के हाथों कैच आउट कराया। पोलार्ड ने रैना का बेहतरीन कैच लपका।

यहां से एमएस धोनी और केदार जाधव ने पारी को संभाला, लेकिन 14.1 ओवर में हार्दिक पांड्या ने धोनी (12) को सूर्यकुमार को यादव के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर पांड्या ने धोनी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रविंद्र जडेजा (1) को विकेट के पीछे डीकॉक के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।

इसके बाद 17.1 ओवर में मलिंगा ने केदार जाधव को विकेटकीपर डीकॉक के हाथों कैच आउट कराया। वह 54 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन की शानदार अर्धशतक पारी खेली। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर मलिंगा ने ड्वेन ब्रावो (8) को भी अपना शिकार बनाया। ब्रावो विकेट के पीछे कैच आउट हो गए।

मुंबई की पारी

रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम मुंबई ने धीमी शुरुआत की। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर चेन्नई के तेज गेंदबाज दीपर चाहर ने मेजबान मुंबई को क्विंटन डीकॉक (4) के रूप में पहला झटका दिया। 

7.1 ओवर में चेन्नई को मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा (13) के रूप में बड़ी सफलता मिली। रविंद्र जडेजा ने रोहित को विकेट के पीछे एमएस धोनी के हाथों कैच आउट कराया। दूसरे विकेट के लिए रोहित और सुर्यकुमार के बीच 37 रनों की साझेदारी हुई।

इसके बाद इमरान ताहिर ने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर मेजबान मुंबई को तीसरा झटका दिया। ताहिर ने युवराज सिंह (4) को अंबाती रायुडू के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। 16.4 ओवर में मुंबई को क्रुणाल पांड्या के रूप में चौथा झटका लगा। मोहित शर्मा ने उन्हें जडेजा के हाथों कैच आउट कराया। क्रुणाल ने 32 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। चौथे विकेट के लिए उन्होंने सुर्यकुमार के साथ मिलकर 62 रनों की साझेदारी की।

18वें ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव के रूप में मुंबई को पांचवां झटका लगा। ड्वेन ब्रावो ने उन्हें जडेजा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। यादव ने 43 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
विज्ञापन

चेन्नई बनाम मुंबई
इससे पहले चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को इंडियन टी-20 लीग के 15वें मुकाबले में मुंबई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मेजबान टीम मुंबई ने अपनी टीम में दो बदलाव किया है। रोहित ने मिशेल मैकक्लेनेघन और मयंक मारकंडे की जगह जेसन बेहरेनडॉर्फ और राहुल चाहर को शामिल किया है। वहीं, चेन्नई ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए मिशेल सैंटनर की जगह मोहित शर्मा को मौका दिया है।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शानदार फॉर्म के दम पर आत्मविश्वास से ओतप्रोत तीन बार की चैम्पियन चेन्नई लगातार तीन जीत दर्ज करके अंकतालिका में शीर्ष पर है। दूसरी ओर मुंबई ने तीन में से दो मैच हारे और एक जीता। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मुकाबलों में से चार मुंबई ने जीते। कुल मिलाकर दोनों के बीच 24 मैच खेले गए, जिनमें से 13 मुंबई ने जीते। इस बार चेन्नई का पलड़ा भारी लग रहा है और खास तौर पर धोनी शानदार फॉर्म में है, जिन्होंने राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में 46 गेंद में 75 रन बनाए। 

चेन्नई के पास बल्लेबाजी में गहराई है और स्पिन गेंदबाजी में विविधता है जबकि मुंबई के पास बेहतर तेज आक्रमण है। मुंबई की टीम अपने सलामी बल्लेबाजों रोहित और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक पर काफी निर्भर है जबकि बाकी बल्लेबाजों को प्रदर्शन में सुधार करना होगा।

टीमें इस प्रकार हैः-

चेन्नई: अंबाती रायडू, शेन वाटसन, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, दीपक चहर, शार्दूल ठाकुर, इमरान ताहिर, मोहित शर्मा।

मुंबई : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, सूर्यकुमार यादव, युवराज सिंह, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, जेसन बेहरेनडॉर्फ, राहुल चाहर, लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें