मिचेल स्टार्क, कमलेश नागरकोटी जैसे चोटिल खिलाड़ियों की कमी झेल रहे कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए एक और बुरी खबर है। उनके स्टार बल्लेबाज और किफायती स्पिनर नितीश राणा पर खतरा मंडरा रहा है। रविवार रात हुए RCB के खिलाफ मुकाबले के दौरान वो रिटायर्ट हर्ट हो गए। फिलहाल उनकी चोट के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं आई है। मगर जिस तरह लंगड़ाते हुए राणा मैदान से बाहर गए थे, हालात सामान्य नहीं लग रहे।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के चार विकेट पर 175 रन के मजबूत स्कोर के जवाब में केकेआर बल्लेबाजी करने उतरी। क्रिस लिन और सुनील नरेन की दिलाई ठोस शुरुआत के बाद केकेआर मजबूत स्थिति में थी। नरेन और उथप्पा के आउट होने के बाद जिम्मेदारी राणा ने संभाली। मगर पारी के 17वें ओवर में इस युवा खिलाड़ी ने जैसे ही चौका लगाया, उनकी कमर में दर्द उठ गया और फिर मैदान पर फिजियो को बुलाया गया। जिसके बाद नीतीश राणा को मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।