सुरेश रैना पिछले मैच में अच्छी शुरुआत को भुना नहीं सके। हालांकि, मौजूदा आईपीएल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह 500 रन के करीब बना चुके हैं। अब रैना की कोशिश एसआरएच के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर चेन्नई को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की होगी।
अंबाती रायुडू मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। वह अलग-अलग क्रम पर बल्लेबाजी करने में दक्ष रहे और चेन्नई को उनसे फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
एमएस धोनी इस सीजन में अपनी पुरानी लय में दिखे। उन्होंने विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैदान के चारों कोनों में शॉट्स घुमाए। धोनी की कप्तानी से तो सभी वाकिफ हैं। अब फाइनल में धोनी फिर कोई मास्टरस्ट्रोक खेलकर चेन्नई को तीसरी बार चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।
रविंद्र जडेजा की टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन अब वह अपनी लय में लौट चुके हैं। जडेजा ने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया है और वह नियमित अंतराल में विकेट निकालने में सफल हो रहे हैं। वह इसी लय को फाइनल में भी बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।
ड्वेन ब्रावो अपनी गेंदबाजी में गजब का मिश्रण करके बल्लेबाजों को परेशान करते हैं। मगर इस सीजन में वह ज्यादा प्रभावी नहीं रहे हैं। बल्लेबाजों ने ब्रावो की खूब धुनाई की। अब फाइनल में ब्रावो अपने पुराने अंदाज में लौटने की कोशिश करेंगे और डेथ ओवर्स में विशेषकर बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बनना चाहेंगे।
हरभजन सिंह ने पिछले कुछ मुकाबलों में उपयोगी योगदान नहीं दिया, लेकिन वह अंतिम एकादश के प्रमुख खिलाडियों में से एक रहे हैं। हरभजन को उम्मीद रहेगी कि फाइनल में उन्हें गेंदबाजी का मौका मिले और वह एक या दो विकेट निकालकर टीम को जीत दिलाएं।
दीपक चाहर नई गेंद के साथ खोज साबित हुए हैं। वह गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराना जानते हैं और उन्होंने शुरुआती 6 ओवरों के भीतर विकेट निकालकर भी दिया है। चाहर इसे फाइनल में भी बरक़रार रखने की कोशिश करेंगे ताकि विरोधी टीम को दबाव में रख सके।
शार्दुल ठाकुर ने गेंद व बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया है। पहले क्वालीफायर में शार्दुल ने केवल 5 गेंदों में नाबाद 15 रन की पारी खेली थी और चेन्नई को फाइनल में पहुंचाया था। मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया है और महत्वपूर्ण पलों में विकेट निकाले।
लुंगी एनगिडी पिछले कुछ मैचों में चेन्नई सुपरकिंग्स के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए। वह विकेट निकालने में सफल रहे और विरोधी टीम के रनरेट पर भी लगाम लगाई। वह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करके चेन्नई सुपरकिंग्स को चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।