राजकोट में शुक्रवार को गुजरात लॉयंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मैच में भले ही गुजरात को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन गुजरात के कप्तान सुरेश रैना के नाम इस मैच में एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
रैना ने कोलकाता के खिलाफ आईपीएल करियर के दौरान 29वां अर्धशतक जड़ते हुए एक बार फिर आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले सीजन में विराट कोहली ने उन्हें पीछे छोड़कर इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया था।
रैना ने आईपीएल में अब तक 148 मैच खेले हैं। उनके नाम 34.14 की औसत से 4,166 रन हो गए हैं। जिसमें एक शतक और 29 अर्धशतक शामिल हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में विराट दूसरे पायदान पर हैं। उनके नाम 139 मैचों में 38.05 की औसत से 4,110 रन दर्ज हैं। आईपीएल में उन्होंने चार शतक और पांच अर्धशतक बनाए हैं। 9वें सीजन में विराट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार शतक जड़े थे।
विराट के चोटिल होने के कारण रैना के नाम यह रिकॉर्ड इस सीजन कायम रह सकता है। विराट कह चुके हैं कि जब तक वह 120 प्रतिशत फिट नहीं होंगे तब तक वह मैदान में वापसी नहीं करेंगे।