कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार स्पिनर सुनील नरेन के लिए आईपीएल का दसवां सीजन यादगार बनता जा रहा है। इस सीजन वह अपनी फिरकी की जगह बल्ले का जलवा दिखा रहे हैं। नरेन ने रविवार को अपने बल्ले से ऐसा धमाल किया कि उनका नाम आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में सबसे ऊपर दर्ज हो गया।
नरेन ने आरसीबी के खिलाफ बैंगलोर में क्रिस लेन के साथ पारी की शुरुआत की और 159 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया। नरेन ने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ स्टेडियम में खलबली मचा दी। अपनी इस तूफानी पारी में नरेन ने 6 चौके और 4 छक्के जड़े। नरेन ने 17 गेंद 317.64 के स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए।
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक के मामले में वह केकेआर के यूसूफ पठान की बराबरी पर पहुंच गए हैं। पठान ने साल 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ईडेन गार्डन में 15 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। 72 रन की अपनी पारी में पठान ने 7 चौके और 5 छक्के जड़े थे।