आखिरी ओवर में जयदेव उनदकट की हैट्रिक की बदौलत पुणे ने हैदराबाद को 12 रन से मात दी। इस सीजन पुणे ने हैदराबाद को दोनों मैचों में मात दी है। जीत के लिए पुणे को आखिरी ओवर में 13 रन की जरूरत थी। उनदकट ने 20वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर बिपुल शर्मा, राशिद खान और भुवनेश्वर कुमार को कैच कराकर करियर की पहली हैट्रिक हासिल की और अपनी टीम को जीत दिला दी। उनदकट ने 4 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। आखिरी ओवर में उनदकट ने कोई रन नहीं दिया और तीन विकेट झटक लिए। निर्धारित 20 ओवर में हैदराबाद 9 विकेट खोकर केवल 136 रन बना सकी। युवराज सिंह की 47 रन की पारी हैदराबाद के लिए नाकाफी साबित हुई। उनदकट को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
SCORECARD
लक्ष्य का पीछा करने हैदराबाद की ओर से कप्तान डेविड वार्नर और शिखर धवन की जोड़ी उतरी है। दोनों की जोड़ी ने 4 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 25 रन बनाए। पांचवें ओवर की पहली की पहली गेंद पर शिखर स्टोक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद चौथी गेंद पर केन विलियमसन भी विकेट कीपर धोनी को कैच दे बैठे। पारी के 13वें ओवर में स्टोक्स ने एक बार फिर गेंद से कमाल दिखाया और वार्नर को कैच करा दिया। वार्नर ने 40 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए युवराज-वार्नर के बीच 54 रन की साझेदारी हुई। वार्नर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए हेनरीकेज अपने बल्ले का जौहर नहीं दिखा सके। वह ताहिर की गेंद पर 4 रन बनाकर बोल्ड हो गए। अर्धशतक की ओर बढ़ रहे युवराज 47 रन पर उनदकट की गेंद पर कैच दे बैठे। नमन ओझा 9 रन बनाकर उनदकट का दूसरा शिकार बने। अंतिम ओवर में जीत के लिए हैदराबाद को 13 रन की जरूरत थी और उसके 4 विकेट शेष थे। उनदकट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटक लिए और पुणे को जीत दिला दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पुणे ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाकर हैदराबाद को जीत के लिए रन का लक्ष्य दिया। पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दुसरे ओवर में राहुल त्रिपाठी रन आउट हो गए। इसके बाद पुणे दबाव में आ गई। रन गति को तेज करने की कोशिश में रहाणे भी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्मिथ और स्टोक्स ने पुणे को धीरे-धीरे 50 रन के पार पहुंचाया। रहाणे के आउट होने के बाद स्टोक्स और स्मिथ ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पुणे को 100 रन के करीब ले गए। 99 के स्कोर पर स्टोक्स राशिद की गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद एक बार फिर विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरु हो गया। अंत में धोनी ने 21 गेंद में 31 रन बनाकर बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। पुणे ने 16वें और 19वें ओवर में 2-2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद निर्धारित 20 ओवर में पुणे 8 विकेट खोकर 148 रन बना सकी। पुणे की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज स्टोक्स रहे उन्होंने 25 गेंद में 39 रन की पारी खेली। जबकि कप्तान स्मिथ ने 35 रन बनाए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ पहले बॉलिंग करने का फैसला लिया है। राइजिंग पुणे सुपरजाइंट की ओर से राहुल त्रिपाठी और अजिंक्य रहाणे ओपनिंग करने मैदान पर उतरे। पारी के दूसरे ओवर में फॉर्म में चल रह राहुल त्रिपाठी रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। बिपुल शर्मा ने उन्हें रन आउट किया। राहुल केवल 1 रन बना सके। राहुल के आउट होने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी के लिए उतरे। पावर प्ले के बाद रन गति को तेज करने की कोशिश में रहाणे बिपुल शर्मा की गेंद पर बाउंड्री पर लपक लिए गए। रहाणे ने 21 रन बनाए। रहाणे और स्मिथ के बीच दूसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद बेन स्टोक्स और स्टीव स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। लेकिन पारी के 15 वें ओवर में राशिद की गेंद पर स्टोक्स चकमा खा गए और बोल्ड होकर पवेलिन लौट गए। स्टोक्स ने 25 गेंद पर 39 रन बनाए। 16 वें ओवर में सिद्धार्थ कौल ने पुणे को दोहरे झटके दिए पहले कौल कैप्टन स्मिथ को अपना शिकार बनाया। उसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए डेनिएल क्रिस्टन भी 2 रन बनाकर कौल की गेंद पर राशिद को कैच दे बैठे। 19 वें ओवर की आखिरी गेंद पर मनोज तिवारी रन आउट हो गए। तिवारी ने 9 रन बनाए। कौल हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा राशिद खान और बिपुल शर्मा ने 1-1 बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा।
हैदराबाद और पुणे के बीच अब तक 3 मैच खेले गए हैं जिनमें से 1 में हैदराबाद को और 2 में पुणे को जीत हासिल हुई है। इस सीजन पुणे में दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच में पुणे ने 177 रन का पीछा करते हुए धोनी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आखिरी गेंद में जीत हासिल हुई थी। पिछले सीजन में भी दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता था। दोनों के बीच हैदराबाद में खेले गए मैच में पुणे को डकवर्थ लुईस के आधार पर जीत मिली थी। जबकि पुणे के घर विशाखापट्टन में करीबी मैच में हैदराबाद को 4 रन से जीत मिली थी। ऐसे में एक बार फिर दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
सनराइजर्स हैदराबाद : डेविड वॉर्नर (कप्तान), शिखर धवन, केन विलियमसन, युवराज सिंह, मोइसेस हेनरीक्स, नमन ओझा (विकेट कीपर), राशिद खान, बिपुल शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल, आशीष नेहरा
राइजिंग पुणे सुपरजाइंट : स्टीवन स्मिथ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, राहुल त्रिपाठी, मनोज तिवारी, एमएस धोनी (विकेट कीपर), बैन स्टोक्स, डैनियल क्रिश्चियन, वॉशिंगटन सुंदर, जयदेव उनादकट, शार्दुल ठाकुर, इमरान ताहिर