अफगानिस्तान के युवा स्पिनर राशिद खान के लिए आईपीएल बड़ा मंच साबित हो रहा है। महज 18 साल के राशिद ने रविवार को अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जीत में अहम भूमिका अदा की। हुनरमंद राशिद (3/19) का कमाल और कप्तान डेविड वॉर्नर (76*) का फॉर्म में लौटना पिछली चैंपियन सनराइजर्स के लिए आईपीएल-10 में दूसरी जीत का तोहफा लेकर आया। हैदराबाद ने गुजरात लॉयंस को 27 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से पराजित कर दिया।
हैदराबाद ने टॉस जीतकर गुजरात लॉयंस को पहले बल्लेबाजी पर उतारा। शीर्ष क्रम के फ्लॉप होने से गुजरात सात विकेट पर 135 रन ही बना पाई और उसके बाद कप्तान वॉर्नर ने महज 45 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर टीम को एक विकेट पर 15.3 ओवरों में ही जीत दिला दी। वॉर्नर के अलावा ऑलराउंडर हेनरिक्स ने नाबाद 52 रन का योगदान दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट पर अविजित 108 रन की साझेदारी हुई। वॉर्नर ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। वॉर्नर ने रैना और युवा लेग स्पिनर तेजस बरोका के खिलाफ कई दर्शनीय शॉट लगाए। वॉर्नर ने जीत भी छक्का मारकर दिलाई। सुरेश रैना की अगुवाई वाली गुजरात लॉयंस की यह लगातार दूसरी हार है।
अफगानिस्तान के युवा स्पिनर राशिद खान की मदद से हैदराबाद ने गुजरात लॉयंस को 135 तक सीमित रखने में सफलता हासिल की। राशिद ने पारी के पांचवें, सातवें और नौवें ओवर में गुजरात के ब्रेंडन मैककुलम (05), ऐरोन फिंच (03) और सुरेश रैना (05) के विकेट अपनी झोली में डाले। इन झटकों से लॉयंस नहीं उबर पाए। हालांकि दिनेश कार्तिक (30) और ड्वेन स्मिथ (37) ने पांचवें विकेट पर 56 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। मैककुलम ‘गुगली’ को स्वीप करने के चक्कर में आउट हो गए। फिंच भी राशिद की गुगली पर ही गच्चा खा गए और एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। अपने चार ओवर के कोटे में राशिद लगातार गुजरात के लिए सिरदर्द बने रहे। चार ओवर में उनकी 11 गेंदों पर कोई रन नहीं बना।
हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (2/21) और आशीष नेहरा (2/21) ने भी अच्छी गेंदबाजी की। कप्तान वॉर्नर की भी तारीफ करनी होगी जिन्होंने पिच को सही पढ़ते हुए भुवनेश्वर के साथ बाएं हाथ के स्पिनर बिपुल शर्मा को गेंदबाजी आक्रमण पर लगाया। जैसन राय (31) ने भुवनेश्वर की गेंद पर आउट होने से पहले कई अच्छे चौके लगाए। एक समय गुजरात का स्कोर चार विकेट पर 57 रन था। ऐसे में कार्तिक और ड्वेन स्मिथ के लिए चीजों को ट्रैक पर लाना आसान नहीं था। अपने आक्रामक मिजाज के ठीक विपरीत कार्तिक ने 32 गेंदों पर 30 रन की सतर्क पारी खेली जिसमें दो चौके शामिल थे। जबकि स्मिथ की 27 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल था।