किंग्स इलेवन पंजाब की टीम पिछले सीजन में सबसे निचले स्थान पर थी। इस बार कप्तानी का दायित्व संभालने वाले ग्लेन मैक्सवेल नए इरादे लेकर आए हैं। आईपीएल-10 के अपने पहले मुकाबले में टीम ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट को पहले ही मुकाबले में एक ओवर शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। जीत के हीरो कप्तान मैक्सवेल रहे जिन्होंने 20 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे।
पुणे वॉरियर्स की टीम आईपीएल में पहले बल्लेबाजी करते हुए कभी नहीं जीती। इस मैच में भी पहले बल्लेबाजी करना पुणे को रास नहीं आया। किंग्स इलेवन ने टॉस जीतकर पहले पुणे को बल्लेबाजी पर उतारा था। बेन स्टोक्स (50) की पारी की मदद से स्मिथ की अगुवाई वाली टीम ने छह विकेट पर 163 रन बनाए लेकिन पंजाब ने 19 ओवरों में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
एक बार फिर कारगर साबित हुए ताहिर
इमरान ताहिर
- फोटो : Cricket 360
किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत कुछ खास अच्छी नहीं रही थी। मनन वोहरा (14) को अशोक डिंडा ने तीसरे ओवर में आउट कर दिया था। दक्षिण अफ्रीकी लेग स्पिनर इमरान ताहिर (2/29) एक बार फिर कारगर नजर आ रहे थे। ऋद्धिमान साहा (13) को उन्होंने अपनी गुगली पर बोल्ड कर दिया तो अक्षर पटेल (24) को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर पवेलियन लौटा दिया था। पंजाब ने 85 रन पर चार विकेट खो दिए थे। उसे 53 गेंदों पर 79 रन की जरूरत थी लेकिन मैक्सवेल और डेविड मिलर (30*) ने बिना दबाव ओढ़े जीत सुनिश्चित करके ही दम लिया। खासकर मैक्सवेल आक्रामक मूड में थे। उन्होंने इमरान ताहिर के 16वें ओवर में लगातार दो छक्के मारे। तेरहवें ओवर में ओवरथ्रो पर दोनों बल्लेबाजों ने एक मर्तबा चार रन दौड़कर भी ले लिए थे।
किंग्स इलेवन ने टॉस जीतकर पहले पुणे को बल्लेबाजी पर उतारा था। संदीप ने तेज इनस्विंगर पर मयंक अग्रवाल को पहले ही ओवर में बोल्ड कर दिया। तमिलनाडु के युवा तेज गेंदबाज टी नटराजन के लिए आईपीएल में पदार्पण शानदार रहा। नटराजन ने अपनी दूसरी ही गेंद पर अजिंक्य रहाणे (19) को स्टोइनस के हाथों कैच करा दिया। अब कप्तान स्टीव स्मिथ (26) पर दायित्व आ गया था जिन्होंने पहले मैच में मुंबई के खिलाफ शानदार पारी खेली थी लेकिन उनका एक शॉट मिसटाइम हो गया और स्टोइनिस की गेंद पर वोहरा ने उनका कैच लपक लिया। 12वें ओवर में धोनी (05) भी पवेलियन लौट गए थे। उसके बाद स्टोक्स और तिवारी ने 37 गेंदों पर 61 रन की साझेदारी की। स्टोक्स ने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। जबकि तिवारी ने तीन चौके और दो छक्के जड़े।
ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की मेहनत पर फिरा पानी
बेन स्टोक्स
- फोटो : ESPN
बेन स्टोक्स की अर्द्धशतकीय पारी से पुणे ने चुनौतीपूर्ण स्कोर जरूर खड़ा किया था। स्टोक्स के अलावा मनोज तिवारी (नाबाद 40 रन, 23 गेंद) ने भी उपयोगी योगदान दिया। तिवारी और डेनियल क्रिश्चियन (17) ने अंतिम दो ओवरों में तेजी से रन बटोरे। एक समय पुणे का स्कोर 49 रन पर तीन विकेट हो चुका था। अगर आईपीएल-10 की नीलामी में 14 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे बिके खिलाड़ी स्टोक्स ने यह पारी नहीं खेली होती तो पुणे इतना स्कोर भी खड़ा नहीं कर पाती। इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था।