कोलकाता ने 2008 आईपीएल और मुंबई ने 2023 डब्ल्यूपीएल के ओपनिंग मैच में जीत दर्ज की
- फोटो : IPL/WPL/BCCI
महिला प्रीमियर लीग (WPL) की भी शुरुआत हो चुकी है। पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जाएंट्स को 143 रन से रौंद दिया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 207 रन बनाए। जवाब में गुजरात जाएंट्स की टीम 64 रन पर सिमट गई। इसे संयोग ही कह सकते हैं कि 15 साल पहले यानी 2008 में जब आईपीएल का ओपनिंग मैच खेला गया था, तब भी मैच का नतीजा कुछ ऐसा ही रहा था। आइए जानते हैं-
2008 में आईपीएल का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए थे। सौरव गांगुली 10 रन, रिकी पोंटिंग 20 रन और डेविड हसी 12 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, ब्रैंडन मैकुलम 73 गेंदों में 158 रन और मोहम्मद हफीज पांच रन बनाकर नाबाद रहे थे। बैंगलोर की ओर से जहीर खान, एश्ले नोफ्के और जैक कैलिस को एक-एक विकेट मिला था।
जवाब में बैंगलोर की पूरी टीम 15.1 ओवर में 82 रन पर सिमट गई थी। राहुल द्रविड़ दो रन, वसीम जाफर छह रन, विराट कोहली एक रन, जैक कैलिस आठ रन, कैमरन व्हाइट छह रन, मार्क बाउचर सात रन, बालचंद्र अखिल शून्य, एश्ले नोफ्के नौ रन, जहीर खान तीन रन और सुनील जोशी तीन रन बनाकर आउट हुए। प्रवीण कुमार 18 रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता की ओर से अजीत आगरकर ने तीन विकेट, जबकि अशोक डिंडा और गांगुली ने दो-दो विकेट लिए। ईशांत शर्मा और लक्ष्मी शुक्ला को एक-एक मिला था। कोलकाता की टीम ने 140 रन से जीत हासिल की थी।
ठीक उसी तरह महिला प्रीमियर लीग में मुंबई की टीम ने भी 143 रन से बड़ी जीत हासिल की। आईपीएल में जिस तरह कोलकाता ने बैंगलोर के गेंदबाजों की धुनाई की थी, ठीक उसी तरह मुंबई के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की पिटाई की। यास्तिका भाटिया सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद हेली मैथ्यूज ने 31 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 47 रन, नेट सीवर ब्रंट ने 18 गेंदों में 23 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में 14 चौके की मदद से 65 रन और पूजा वस्त्राकर ने आठ गेंदों में 15 रन की पारी खेली।
अमेलिया कर 24 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, वोन्ग एक गेंद में छह रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटीं। गुजरात की ओर से स्नेह राणा को दो विकेट मिले। वहीं, एश्ले गार्डनर, तनुजा कंवर और वेयरहैम को एक-एक विकेट मिला। जवाब में गुजरात की शुरुआत आईपीएल के बैंगलोर की तरह ही बेहद खराब रही। कप्तान बेथ मूनी रिटायर्ड हर्ट हो गईं। इसके बाद विकेट की झड़ी लग गई। एस मेघना दो रन बनाकर आउट हुईं।
हरलीन देओल, एश्ले गार्डनर और तनुजा कंवर खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। एनाबेल सदरलैंड छह रन, वेयरहैम आठ रन, स्नेह राणा एक रन, मानसी जोशी छह रन और मोनिका पटेल 10 रन बनाकर आउट हुईं। दयालन हेमलता 23 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई की ओर से साइका इशाक ने चार विकेट लिए। वहीं, नेट सीवर और अमेलिया को दो-दो विकेट मिले। इसी वोन्ग को एक विकेट मिला। दिलचस्प बात तो यह है कि आईपीएल के पहले मैच में बैंगलोर की तरह गुजरात की पूरी टीम भी 15.1 ओवर में ही सिमट गई।