दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 15 रन से जीत दर्ज करने के बाद आरसीबी के कार्यवाहक कप्तान शेन वाटसन ने कहा था कि विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की अगले यानी पंजाब के खिलाफ इंदौर में खेले जाने वाले मैच में वापसी होगी। लेकिन सोमवार को भी टॉस के लिए वाटसन आए और उन्होंने एबी डिविलियर्स की वापसी की घोषणा की। इसके बाद एबी के बल्ले ने उनकी वापसी का संदेश हर जगह पहुंचा दिया।
एबी की वापसी के बाद भी प्रशंसकों को अपने चहेते क्रिकेटर विराट की वापसी का बेसब्री से इंतजार है। लेकिन इंदौर से कोहली के प्रशंसकों के लिए बुरी खबर आई है। सूत्रों के मुताबिक विराट की चोट ठीक होने के बजाय और भी गंभीर हो गई है। ऐसे में उनकी वापसी के बारे में फिलहाल कुछ भी सटीक तौर पर कह पाना संभव नहीं है। विराट की चोट के संबंध में अब तक न ही बीसीसीआई ने और न ही आरसीबी ने आधिकारिक रूप से कोई घोषणा की है।
आईपीएल-10 के उद्घाटन मैच के दौरान विराट ने खुद ही कहा था कि वह जब तक 120 फीसदी फिट नहीं हो जाएंगे तब तक मैदान में वापसी नहीं करेंगे। विराट ने कहा था कि चैंपियंस ट्रॉफी एक बड़ा टूर्नामेंट है और मैं उसे ध्यान में रखते हुए कोई रिस्क नहीं लूंगा।